कोरिया। जिले के पटना क्षेत्र में इन दिनों कोयले का अवैध कारोबार बेखौफ होकर चल रहा है। सूत्रों के अनुसार, कोल माफियाओं का नेटवर्क इतना मजबूत हो चुका है कि वे खुलेआम मोटरसाइकिलों के जरिए कोयले की चोरी कर रहे हैं। हालात यह हैं कि क्षेत्र में कोल माफियाओं का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि आम लोग खुलकर बोलने से भी डर रहे हैं।
नाम न छापने की शर्त पर कुछ कोल माफियाओं ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उनका कहना है कि पटना पुलिस के कुछ कर्मियों द्वारा कथित रूप से एक मोटरसाइकिल से प्रति सप्ताह एक हजार रुपये की अवैध वसूली की जा रही है। बताया गया कि कोल माफियाओं को सख्त हिदायत दी गई है कि इस लेन-देन की जानकारी किसी को न दी जाए। इसी वजह से लंबे समय से यह अवैध कारोबार बिना किसी रुकावट के चलता आ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले भी कोयला चोरी की घटनाएं सामने आती रही हैं, लेकिन इस बार तरीका बदल गया है। अब कोल माफिया छोटे वाहनों, खासकर मोटरसाइकिलों का उपयोग कर चोरी को अंजाम दे रहे हैं, जिससे पुलिस और संबंधित विभागों की नजर से बचा जा सके। सबसे चिंताजनक बात यह है कि पूरे मामले में संबंधित विभागों की भूमिका संदिग्ध नजर आ रही है। अवैध कारोबार की जानकारी होने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे यह संदेह गहराता जा रहा है कि कहीं न कहीं विभागीय मिलीभगत भी हो सकती है। क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन और पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, अवैध वसूली और कोयला चोरी में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई हो, ताकि पटना क्षेत्र में कानून का भय कायम हो सके और कोल माफियाओं के आतंक से आम जनता को राहत मिल सके।

0 टिप्पणियाँ