कोरिया। जिला जनर्लिस्ट प्रेस क्लब के तत्वावधान में शनिवार को एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का दिल जीत लिया। रंगारंग नृत्य, मधुर गीतों और जोशीली प्रस्तुतियों के बीच पूरा वातावरण उत्साह और उल्लास से भर गया। शानदार गानों पर लोग झूमते नजर आए और तालियों की गूंज से कार्यक्रम स्थल गुंजायमान हो उठा।
कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण आकर्षण प्रेस क्लब के नवनियुक्त पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह रहा। पूर्व जिला खेल अधिकारी एवं पूर्व प्राचार्य राजेन्द्र सिंह (दद्दा) ने जिला जनर्लिस्ट प्रेस क्लब के नवनियुक्त अध्यक्ष, महासचिव, कोषाध्यक्ष, सह सचिव एवं उपाध्यक्षों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर राजेन्द्र सिंह (दद्दा) ने अपने संबोधन में कहा कि पत्रकार समाज का आईना होते हैं और निष्पक्ष, निर्भीक एवं जिम्मेदार पत्रकारिता से ही लोकतंत्र मजबूत होता है। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों के रूप में सरगुजा सांसद की सहायक आराधना, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष शैलेश शिवहरे, पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष सुभाष साहू, सम्यक क्रांति दैनिक अखबार के संपादक एस. के. रूप, संपादक प्रिंशु पाण्डेय, वरिष्ठ पत्रकार पं. विवेकानंद पाण्डेय सहित जिले के अनेक पत्रकार साथी उपस्थित रहे। अतिथियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम की सराहना करते हुए प्रेस क्लब की एकजुटता और सक्रियता की प्रशंसा की। कार्यक्रम के दौरान बच्चों की प्रस्तुतियों ने न केवल मनोरंजन किया बल्कि उनकी प्रतिभा और मेहनत को भी दर्शाया। अभिभावकों और उपस्थित दर्शकों ने बच्चों का उत्साहवर्धन तालियों और प्रशंसा से किया। अंत में आयोजकों द्वारा सभी अतिथियों, कलाकारों एवं पत्रकार साथियों का आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ और सभी ने इसे यादगार आयोजन बताया।


0 टिप्पणियाँ