कोरिया। नगर के पहाड़पारा इलाके से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। लगभग पांच से छह दिन पहले यहां कुछ लोगों ने बकरे का मांस खाया था, जिसके बाद कई लोग बीमार पड़ गए। बीमार व्यक्तियों का उपचार चल ही रहा था कि इस बीच जानकारी मिली कि उनमें से दो लोगों की मौत हो गई है। इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मृतकों सहित अन्य लोगों ने एक ही स्थान पर बकरे का मांस खाया था। इसके बाद से ही कई लोग उल्टी, दस्त और पेट दर्द जैसी समस्याओं से पीड़ित हो गए थे। हालांकि मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। स्थानीय लोगों का मानना है कि बकरे का मांस खाने से ही यह घटना हुई है, लेकिन प्रशासन का कहना है कि जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती, किसी भी निष्कर्ष पर पहुँचना उचित नहीं होगा। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और पानी, खाद्य सामग्री तथा अन्य संभावित कारणों की जांच शुरू कर दी है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने भी इलाके का दौरा किया और बीमार लोगों का उपचार जारी है। फिलहाल यह मामला जांच का विषय है। मौत की वास्तविक वजह का खुलासा मेडिकल रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो पाएगा। वहीं, नगरवासियों में भय का माहौल है और लोग प्रशासन से जल्द से जल्द स्पष्ट जानकारी देने की मांग कर रहे हैं।
0 टिप्पणियाँ