कोरिया। शहर की यातायात व्यवस्था दिनों-दिन अव्यवस्थित होती जा रही है। यातायात विभाग की लापरवाही और वसूली की कार्यप्रणाली ने स्थिति को और बिगाड़ दिया है। सुबह से ही विभाग के कर्मचारी शहर छोड़कर बाहर की ओर वसूली में लगे रहते हैं, जिसके चलते शहर की सड़कें बेखौफ वाहन चालकों के हवाले हो जाती हैं। नतीजा यह होता है कि यातायात नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जाती हैं और व्यवस्था पूरी तरह चरमराई नजर आती है। मंगलवार को शहरवासियों ने एक ऐसा नजारा देखा जिसने यातायात विभाग की पोल खोल दी। मुख्य मार्ग से गुजर रही एक मोटरसाइकिल पर चार लोग सवार होकर न सिर्फ सफर कर रहे थे बल्कि खुलेआम स्टंट भी करते नजर आए। यह दृश्य इस बात का प्रमाण है कि शहर में यातायात नियंत्रण नाम की कोई व्यवस्था शेष नहीं रह गई है। आम जनता जहां नियमों का पालन न करने पर चालानी कार्रवाई की जद में आती है, वहीं कई लोग खुलेआम नियमों की अनदेखी करते हुए सड़कों पर जोखिम भरा खेल खेलते रहते हैं। सूत्रों के मुताबिक, शहर की यातायात व्यवस्था महज दो कर्मचारियों के भरोसे चल रही है। जबकि नियम और सुरक्षा की दृष्टि से शहर में हर चौराहे पर जवानों की तैनाती जरूरी है। लेकिन हकीकत यह है कि बाहर वसूली में व्यस्त रहने के कारण शहर का यातायात भगवान भरोसे है। ऐसे में दुर्घटनाओं की आशंका हमेशा बनी रहती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यातायात विभाग केवल चालानी वसूली तक ही सीमित है। सड़कों पर सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने में उनकी कोई दिलचस्पी नहीं है। यही कारण है कि नाबालिग चालक, बिना हेलमेट वाहन चलाना, तीन-तीन और चार-चार लोगों का मोटरसाइकिल पर सवार होना आम दृश्य बन चुका है। जनप्रतिनिधियों और जागरूक नागरिकों ने जिला प्रशासन और वरिष्ठ अधिकारियों से मांग की है कि शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार लाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। साथ ही, सड़क पर स्टंट करने वालों और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाए ताकि दुर्घटनाओं को रोका जा सके और लोगों की जान सुरक्षित रह सके। यदि समय रहते यातायात विभाग ने अपनी जिम्मेदारी नहीं निभाई तो शहर की सड़कें दुर्घटनाओं का केंद्र बन सकती हैं। जनता अब उम्मीद कर रही है कि विभाग इस ओर गंभीरता दिखाए और व्यवस्था को पटरी पर लाए।
0 टिप्पणियाँ