बैकुण्ठपुर। छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, संचालनालय आयुष तथा जिला आयुष अधिकारी कोरिया के मार्गदर्शन में ग्राम पंचायत जूनापारा के मोहल्ला तलवापारा में आयोजित निःशुल्क पाँच दिवसीय योग शिविर का दिनांक 05 फरवरी 2026 को सफलतापूर्वक समापन हुआ। इस शिविर का उद्देश्य ग्रामीणजन को योग एवं आयुष पद्धतियों के माध्यम से स्वस्थ, संतुलित और तनावमुक्त जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था। योग शिविर का आयोजन प्रतिदिन प्रातः 07:00 बजे से 08:00 बजे तक किया गया, जिसमें महिला, पुरुष, युवा एवं वरिष्ठ नागरिकों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। शिविर के दौरान प्रतिभागियों को ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, भुजंगासन, वज्रासन, पद्मासन, पवनमुक्तासन, शलभासन, धनुरासन, शवासन, सूर्य नमस्कार एवं मकरासन का नियमित अभ्यास कराया गया। इन आसनों से शरीर की लचीलापन, संतुलन और शक्ति बढ़ाने के साथ विभिन्न रोगों से बचाव पर विशेष ध्यान दिया गया। इसके साथ ही अनुलोम-विलोम, कपालभाति, भस्त्रिका, भ्रामरी, उज्जायी, शीतली, शीतकारी, नाड़ी शोधन एवं दीर्घ श्वसन जैसे प्राणायामों के माध्यम से मानसिक शांति, सकारात्मक सोच एवं तनाव नियंत्रण की विधियाँ सिखाई गईं। योग शिविर का संचालन प्रशिक्षित योग शिक्षक कृष्णा राजवाड़े, सरिता एवं रीमा राजवाड़े के कुशल मार्गदर्शन में किया गया। शिविर के दौरान जिला आयुर्वेद अधिकारी मिश्रा की गरिमामयी उपस्थिति रही। योग अभ्यास के पश्चात आयुर्वेदिक अवधारणा के अनुरूप चना एवं गुड़ का पौष्टिक नाश्ता प्रतिभागियों को प्रदान किया गया। योग शिविर के लाभार्थी एवं शिक्षक सुरेंद्र राजवाड़े ने बताया कि इस शिविर से उन्हें शारीरिक व मानसिक रूप से अत्यंत लाभ मिला है और वे आगे भी योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाए रखेंगे। इस अवसर पर आयुष अधिकारी मिश्रा एवं जिला संयोजक राजेन्द्र राजवाड़े ने आयोजन को ग्रामीण स्वास्थ्य के लिए सराहनीय पहल बताते हुए आयोजकों एवं प्रतिभागियों को शुभकामनाएँ दीं।

0 टिप्पणियाँ