कोरिया। मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन के प्रस्तावित दौरे को लेकर कोरिया जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। जिले की मुखिया कलेक्टर श्रीमती चन्दन त्रिपाठी के नेतृत्व में शुक्रवार को प्रशासनिक अमले ने बैकुंठपुर शहर में फ्लैग मार्च निकालकर व्यवस्थाओं और सुरक्षा इंतजामों का बारीकी से निरीक्षण किया। इस फ्लैग मार्च में जिला पंचायत सीईओ आशुतोष चतुर्वेदी, बैकुंठपुर एसडीएम उमेश पटेल, बैकुंठपुर तहसीलदार, नगर पालिका अधिकारी संजय दुबे, राजा शूटिंग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।
फ्लैग मार्च का उद्देश्य मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात, सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का वास्तविक आकलन करना रहा। प्रशासनिक टीम ने शहर के प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थलों का भ्रमण करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। फ्लैग मार्च की शुरुआत फव्वारा चौक से की गई, जहां से टीम ने आसपास के क्षेत्रों का जायजा लिया और व्यवस्थाओं में सुधार को लेकर अधिकारियों को मौके पर ही दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान फव्वारा चौक स्थित खसरा नंबर 155/2 पर जिला जेल के सामने बने चार मंजिला भवन का भी अवलोकन किया गया। अधिकारियों ने माना कि यह भवन जिला जेल की सुरक्षा के लिहाज से गंभीर खतरा बन सकता है। ऊंचे भवन के कारण जेल परिसर की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका जताई गई। खास बात यह है कि जिला जेल में महिला बंदी भी निवासरत हैं, ऐसे में उनकी सुरक्षा और निजता को लेकर भी सवाल खड़े होते हैं। प्रशासन ने इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों से रिपोर्ट तलब करने और आवश्यक कार्रवाई के संकेत दिए हैं। कलेक्टर श्रीमती चन्दन त्रिपाठी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सुरक्षा, साफ-सफाई, यातायात प्रबंधन और कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाएं समय रहते दुरुस्त की जाएं। वहीं जिला पंचायत सीईओ और एसडीएम ने भी अपने-अपने विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के कोरिया आगमन को लेकर जिला प्रशासन की यह सक्रियता यह दर्शाती है कि शासन-प्रशासन किसी भी स्तर पर कोई कमी नहीं छोड़ना चाहता। पूरे शहर में प्रशासनिक टीम की मौजूदगी और लगातार निरीक्षण से आमजन में भी सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर सकारात्मक संदेश गया है। आने वाले दिनों में तैयारियों को और अंतिम रूप दिया जाएगा, ताकि मुख्यमंत्री का दौरा पूरी तरह सफल और सुरक्षित हो सके।

0 टिप्पणियाँ