बैकुंठपुर। कोरिया जिले में लगातार बढ़ रही गौ तस्करी की घटनाओं को लेकर जिला गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष रेवा यादव ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि जिले में गौ तस्कर पूरी तरह सक्रिय हैं और बड़े पैमाने पर गौ वंशों की अवैध तस्करी की जा रही है। रात के अंधेरे का फायदा उठाकर पिकअप और अन्य छोटे वाहनों में भरकर गौ वंशों को छत्तीसगढ़ से बाहरी राज्यों में ले जाकर बेचा जा रहा है, जिससे जिले में गौ वंशों की संख्या में लगातार कमी देखी जा रही है।
रेवा यादव ने कहा कि कोरिया जिला सैकड़ों ग्राम पंचायतों वाला जिला है, जहां पंचायत स्तर पर गौठानों और अन्य व्यवस्थाओं के माध्यम से गौ माताओं की देखरेख की जा रही है। इसके बावजूद गौ तस्कर गिरोह इतने संगठित और बेखौफ हैं कि वे आसानी से गौ वंशों को जिले से बाहर ले जाने में सफल हो रहे हैं। यह स्थिति न केवल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती है, बल्कि गौ संरक्षण को लेकर किए जा रहे प्रयासों को भी कमजोर करती है। गौ सेवा आयोग अध्यक्ष ने जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन से मांग की है कि गौ तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों और गिरोहों पर तत्काल और सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि शीघ्र ही गौ तस्करों पर नकेल नहीं कसी गई, तो वे स्वयं अपने गौ सेवकों के साथ मिलकर अभियान चलाने को मजबूर होंगी। इस अभियान के तहत गौ तस्करों को पकड़कर कानून के हवाले किया जाएगा। रेवा यादव ने यह भी कहा कि गौ तस्करी केवल एक अपराध नहीं, बल्कि समाज और संस्कृति पर सीधा हमला है। गौ माता भारतीय संस्कृति और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उनकी अवैध तस्करी से किसानों, पशुपालकों और ग्रामीण समाज को गंभीर नुकसान हो रहा है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से अपील की कि ऐसे गिरोहों की गहन पतासाजी की जाए, सीमावर्ती क्षेत्रों और प्रमुख मार्गों पर रात्रिकालीन गश्त बढ़ाई जाए तथा संदिग्ध वाहनों की सघन जांच की जाए। साथ ही, गौ तस्करी में लिप्त पाए जाने वालों पर कठोर कानूनी कार्रवाई कर उदाहरण प्रस्तुत किया जाए, ताकि भविष्य में कोई भी इस तरह के अपराध को अंजाम देने से पहले सौ बार सोचे। अंत में उन्होंने कहा कि गौ संरक्षण के लिए समाज, प्रशासन और पुलिस—तीनों को मिलकर ठोस कदम उठाने होंगे, तभी कोरिया जिले में गौ तस्करी पर प्रभावी रोक लगाई जा सकेगी।

0 टिप्पणियाँ