Ticker

6/recent/ticker-posts

मुख्यमंत्री आगमन की तैयारी में चमका शहर, हाई स्कूल के बच्चों की परेशानी अब भी जस की तस


कोरिया। नगर के सर हाई स्कूल के बगल से गुजरने वाली नाली लंबे समय से दुर्गंध का कारण बनी हुई थी। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद आज नगर पालिका की सफाई टीम द्वारा नाली की सफाई कराई गई, लेकिन सफाई के बाद भी दुर्गंध पूरी तरह समाप्त नहीं हो सकी है। नतीजतन विद्यालय में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को पढ़ाई में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कक्षाओं के दौरान बदबू के कारण बच्चों का ध्यान भटक रहा है, वहीं शिक्षक भी असहज स्थिति में पढ़ाने को मजबूर हैं।


स्थानीय लोगों का कहना है कि सफाई केवल औपचारिकता बनकर रह गई है। नाली की गहराई तक समुचित सफाई और कीचड़ हटाने का कार्य नहीं होने से दुर्गंध बनी हुई है। इससे यह सवाल खड़ा हो रहा है कि नगर पालिका आखिर नियमित और प्रभावी सफाई क्यों नहीं करा पा रही है, जबकि यह मामला सीधे बच्चों के स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़ा हुआ है।

दूसरी ओर मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। सड़कों के किनारे से फुटपाथ व्यापारियों को हटाया जा चुका है और मार्ग को व्यवस्थित करने की कवायद तेज है। नागरिकों का कहना है कि यदि इसी बहाने सड़क किनारे लगे बिजली के पोल भी हटाकर सुरक्षित दूरी पर कर दिए जाएं तो सड़क दुर्घटनाओं पर काफी हद तक अंकुश लगाया जा सकता है। वर्तमान में कई स्थानों पर बिजली के पोल सड़क से सटे हुए हैं, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को खतरा बना रहता है। इतना ही नहीं, कई पेड़ों में बिजली के मीटर लगे होने से करंट फैलने की आशंका भी बनी रहती है। बरसात के मौसम में यह खतरा और बढ़ जाता है। लोगों की मांग है कि मुख्यमंत्री के आगमन को केवल दिखावटी साफ-सफाई तक सीमित न रखकर, स्थायी और जनहित से जुड़े कार्य भी किए जाएं। सर हाई स्कूल के आसपास की नाली की पूरी तरह सफाई, बिजली पोल और मीटरों का सुरक्षित स्थानांतरण तथा सड़क सुरक्षा के ठोस उपाय अब समय की मांग बन चुके हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ