Ticker

6/recent/ticker-posts

मुख्यमंत्री के आगमन और कोरिया महोत्सव की तैयारी में दोहरा मापदंड, हाई स्कूल के पास गंदगी से बच्चों का स्वास्थ्य खतरे में

बैकुण्ठपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन और बैकुण्ठपुर के मिनी स्टेडियम मैदान में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय कोरिया महोत्सव को लेकर नगर पालिका द्वारा शहर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तेज कर दी गई है। लेकिन इस कार्रवाई में गंभीर दोहरा मापदंड देखने को मिल रहा है। एक ओर छोटे-छोटे ठेला और फेरी व्यवसायियों को हटाया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर वर्षों से बड़े स्तर पर अतिक्रमण कर बैठे रसूखदारों पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है, जिससे शासन को करोड़ों रुपये के राजस्व का नुकसान हो रहा है। सबसे चिंताजनक स्थिति शहर के हाई स्कूल क्षेत्र की है। यहां नाली पूरी तरह जाम पड़ी है, जिससे गंदगी और तेज दुर्गंध फैल रही है। इसी इलाके में छात्र-छात्राएं नियमित रूप से पढ़ाई करने आते हैं और कोरिया महोत्सव के आयोजन का मुख्य स्थल भी पास ही है। दुर्गंध के कारण न केवल आम नागरिक परेशान हैं, बल्कि बच्चों को पढ़ाई में भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्वास्थ्य विभाग लगातार यह कहता रहा है कि गर्मी के मौसम में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए ताकि संक्रामक बीमारियों का खतरा न बढ़े। बावजूद इसके नगर पालिका द्वारा हाई स्कूल के पास नाली की सफाई नहीं कराई जा रही है। गर्मी के समय गंदे पानी और कचरे से मच्छर, मक्खी और अन्य कीट पनपते हैं, जिससे डायरिया, टाइफाइड, मलेरिया, डेंगू जैसी बीमारियों का खतरा बच्चों में बढ़ जाता है।

यह बड़ी विडंबना है कि जहां एक ओर मुख्यमंत्री के स्वागत और महोत्सव की तैयारियों में दिखावटी व्यवस्थाएं की जा रही हैं, वहीं दूसरी ओर बच्चों के स्वास्थ्य जैसे गंभीर विषय पर जिला प्रशासन और नगर पालिका आंख मूंदे बैठे हैं। जनप्रतिनिधियों की चुप्पी भी कई सवाल खड़े करती है। क्या विकास और आयोजन बच्चों के स्वास्थ्य से ऊपर हैं?

बच्चों के स्वास्थ्य से जुड़े आवश्यक नियम:

स्कूल परिसर और आसपास नियमित सफाई अनिवार्य हो।

नालियों की समय-समय पर सफाई और जलनिकासी की उचित व्यवस्था हो।

दुर्गंध और गंदगी वाले क्षेत्रों में तत्काल कीटनाशक छिड़काव किया जाए।

बच्चों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाए।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा नियमित निरीक्षण और स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए जाएं।

अब समय आ गया है कि नगर पालिका को आड़े हाथों लिया जाए। केवल छोटे व्यापारियों पर कार्रवाई कर औपचारिकता निभाने के बजाय, वास्तविक समस्याओं पर ध्यान देना जरूरी है। हाई स्कूल के पास नाली की तत्काल सफाई कर बच्चों और आमजन को राहत देना जिला प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए। यदि अब भी अनदेखी की गई तो इसका खामियाजा बच्चों के स्वास्थ्य को भुगतना पड़ेगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन से कोई नहीं छीन सकता।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ