Ticker

6/recent/ticker-posts

सोनहत में रेत माफियाओं का आतंक, जनप्रतिनिधियों के संरक्षण में चल रहा अवैध कारोबार


सोनहत। सोनहत क्षेत्र में रेत माफियाओं का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीती रात नदी किनारे खड़ी एक जेसीबी मशीन और एक ट्रक को लेकर बड़ा हंगामा खड़ा हो गया। बताया जा रहा है कि संबंधित जेसीबी मशीन का डीजल समाप्त हो गया था तथा एक ट्रक वाहन खराब हो गया था, जिसे खींचने के लिए जेसीबी मंगाई गई थी। इसी दौरान रेत माफियाओं के गुरुओं ने जनप्रतिनिधियों के माध्यम से सोर्स लगाकर उक्त जेसीबी और ट्रक पर खनिज विभाग से कार्रवाई करवा दी। सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई खनिज विभाग द्वारा की गई, जबकि वास्तविकता यह बताई जा रही है कि क्षेत्र में रेत का कोई वैध ठेका अब तक नहीं हुआ है। इसके बावजूद रेत माफियाओं के गुर्गे खुलेआम अवैध उत्खनन और परिवहन कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि रेत माफियाओं द्वारा प्रति वाहन लगभग एक हजार रुपये की अवैध वसूली की जा रही है, जिससे शासन को भारी राजस्व क्षति हो रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि रेत माफियाओं को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है, जिसके कारण प्रशासनिक कार्रवाई आम लोगों और मजदूरों पर तो तुरंत होती है, लेकिन असली माफिया बेखौफ घूमते रहते हैं। जानकारी यह भी सामने आई है कि अंबिकापुर से तड़ीपार एक युवक सोनहत क्षेत्र में आकर लगातार आतंक फैला रहा है। वह भोले-भाले ग्रामीणों को डराने-धमकाने के साथ मारपीट कर रहा है। सूत्रों के मुताबिक, उक्त युवक द्वारा एक स्थानीय युवक के साथ मारपीट की गई तथा जेसीबी मशीन को लेकर भागने का प्रयास भी किया गया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि रेत माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, अवैध वसूली पर रोक लगे और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बहाल की जाए, ताकि आम जनता भयमुक्त होकर जीवन यापन कर सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ