सागरपुर। ग्राम सागरपुर में स्वर्गीय लाल बाबू राजवाड़े की स्मृति में आयोजित फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। इस अवसर पर खेल प्रेमियों और ग्रामीणों की भारी उपस्थिति देखने को मिली। प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना और स्व. लाल बाबू राजवाड़े के सामाजिक योगदान को स्मरण करना बताया गया। प्रतियोगिता के उद्घाटन मैच में सारा और भण्डारपारा की टीमें आमने-सामने रहीं। दोनों ही टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। मैच के दौरान मैदान में रोमांचक पल देखने को मिले और दर्शकों ने तालियों के साथ खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। कड़े मुकाबले के बाद सारा की टीम ने भण्डारपारा को एक गोल से पराजित कर प्रतियोगिता की विजयी शुरुआत की। उद्घाटन अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष वंदना राजवाड़े मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उनके साथ जिला खेल अधिकारी जितेन्द्र जायसवाल, ग्राम पंचायत सागरपुर की सरपंच श्यामाबाई, उपसरपंच कलावती साहू विशेष रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं आयोजन में राम कृपाल साहू, दिनेश साहू, रामदास राजवाड़े, संजू ठाकुर सहित अन्य आयोजक एवं गणमान्य नागरिकों की सक्रिय भूमिका रही। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर खेल भावना से खेलने का संदेश दिया। जिला पंचायत उपाध्यक्ष वंदना राजवाड़े ने अपने संबोधन में कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताएं युवाओं की प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ सामाजिक एकता को भी मजबूत करती हैं। जिला खेल अधिकारी जितेन्द्र जायसवाल ने खिलाड़ियों को अनुशासन और खेल भावना बनाए रखने की अपील की। आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता में क्षेत्र की कई टीमें भाग ले रही हैं और आगामी दिनों में और भी रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे। उद्घाटन मैच के सफल आयोजन से पूरे गांव में उत्साह का माहौल बना हुआ है।

0 टिप्पणियाँ