बैकुण्ठपुर। नगर पालिका क्षेत्र में उस समय खुशी का माहौल देखने को मिला जब गौ रक्षक एवं सामाजिक कार्यकर्ता अनुराग दुबे को नगर पालिका का विधायक प्रतिनिधि नियुक्त किया गया। इस घोषणा के बाद स्थानीय नागरिकों में हर्ष और उत्साह का वातावरण बन गया, वहीं अनुराग दुबे के समर्थकों ने इसे जनसेवा के प्रति उनके निरंतर समर्पण का परिणाम बताया। अनुराग दुबे लंबे समय से गौ सेवा, सामाजिक कार्यों और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। गौवंश संरक्षण, घायल पशुओं की सेवा, स्वच्छता अभियान, जरूरतमंदों की सहायता और विभिन्न सामाजिक कार्यों में उनकी सहभागिता क्षेत्र में भली-भांति जानी जाती है। उनकी सक्रियता और जमीनी स्तर पर जनता से जुड़े रहने के कारण उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। नगर पालिका के विधायक प्रतिनिधि बनाए जाने के बाद स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई है कि अब नगर की समस्याओं का समाधान और तेजी से होगा। नागरिकों का कहना है कि सड़क, पानी, सफाई, प्रकाश व्यवस्था जैसी मूलभूत सुविधाओं को लेकर अनुराग दुबे सदैव मुखर रहे हैं और अब प्रतिनिधि के रूप में वे इन मुद्दों को मजबूती से विधायक एवं प्रशासन के समक्ष रख सकेंगे। नियुक्ति की जानकारी मिलते ही समर्थकों ने एक-दूसरे को बधाई दी और मिठाइयां बांटकर खुशी जाहिर की। कई सामाजिक संगठनों और युवाओं ने भी इस फैसले का स्वागत करते हुए इसे नगर के लिए सकारात्मक कदम बताया। वहीं अनुराग दुबे ने इस अवसर पर विधायक सहित सभी वरिष्ठजनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका निर्वहन वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ करेंगे। उन्होंने कहा कि नगर पालिका क्षेत्र की जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाना और समाधान के लिए लगातार प्रयास करना उनकी पहली जिम्मेदारी होगी। इस नई जिम्मेदारी के साथ क्षेत्रवासियों में विकास और जनसेवा को लेकर नई उम्मीदें जगी हैं।

0 टिप्पणियाँ