बैकुंठपुर। कोरिया जिले के बैकुंठपुर से लगे ग्राम पंचायत जामपारा स्थित उचित मूल्य दुकान पर शुक्रवार को राशन वितरण व्यवस्था पूरी तरह अव्यवस्थित नजर आई। आलम यह रहा कि देर रात करीब 8:30 बजे तक भी दर्जनों राशन कार्डधारी कतार में खड़े रहे, जबकि यह स्पष्ट नहीं हो सका कि वितरण कब तक चलेगा। दोपहर से ही लाइन में खड़ी महिलाओं में भारी नाराजगी देखने को मिली। महिलाओं का आरोप है कि उचित मूल्य दुकान संचालक की लापरवाही के कारण उन्हें हर माह इसी तरह की परेशानी झेलनी पड़ती है। घंटों इंतजार के बावजूद राशन नहीं मिलने से आक्रोश बढ़ता गया और कई बार स्थिति विवाद की ओर बढ़ती नजर आई। वहीं, दुकान संचालक ने अपनी सफाई में कहा कि अधिकांश उपभोक्ता एक ही दिन में राशन लेने पहुंच जाते हैं, जिससे व्यवस्था संभालना मुश्किल हो जाता है। साथ ही ई-पॉस मशीन के बार-बार खराब होने के कारण वितरण की गति बेहद धीमी हो जाती है। संचालक ने इसमें अपनी गलती से इनकार करते हुए तकनीकी समस्या को मुख्य कारण बताया। इधर, दुकान परिसर में अत्यधिक भीड़ जमा होने से हालात तनावपूर्ण बने रहे। बताया जा रहा है कि कुछ लोग नशे की हालत में भी मौके पर पहुंच गए और गाली-गलौज व मारपीट पर उतारू हो गए, जिससे माहौल और बिगड़ गया। मौजूद लोग किसी बड़ी घटना की आशंका से सहमे रहे। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि राशन वितरण व्यवस्था को सुव्यवस्थित किया जाए, ई-पॉस मशीन की तकनीकी समस्याओं का स्थायी समाधान किया जाए तथा भीड़ नियंत्रित करने के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की मौजूदगी सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी अव्यवस्था और तनावपूर्ण हालात न बनें।

0 टिप्पणियाँ