Ticker

6/recent/ticker-posts

चर्चा क्षेत्र में धड़ल्ले से जारी अवैध कोयला कारोबार, पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल


कोरिया। चर्चा थाना क्षेत्र में अवैध कोयले का कारोबार लगातार फल-फूल रहा है। पटना क्षेत्र के कुछ लोगों द्वारा लंबे समय से अवैध रूप से कोयले की खरीद–फरोख्त किए जाने के आरोप सामने आ रहे हैं। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, कोल माफियाओं द्वारा चोरी का कोयला आसपास के ईंट भट्ठों में खपाया जा रहा है, जिससे न केवल शासन को राजस्व का नुकसान हो रहा है बल्कि कानून व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।


बताया जा रहा है कि अवैध कोयला कारोबार में सक्रिय लोग रात के अंधेरे में कोयले की ढुलाई करते हैं और इसे सीधे स्थानीय ईंट भट्ठा संचालकों तक पहुंचाया जाता है। इन ईंट भट्ठों में नियमों की अनदेखी करते हुए सस्ते दामों पर अवैध कोयले का उपयोग किया जा रहा है। इससे वैध तरीके से कोयला खरीदने वाले कारोबारियों को भी नुकसान उठाना पड़ रहा है। वहीं दूसरी ओर सीसीएल (कोल कंपनी) के कर्मचारियों द्वारा समय-समय पर कार्रवाई की जा रही है। छापेमारी के दौरान कई बार अवैध कोयले की खेप पकड़ी भी गई है और कुछ वाहनों को जब्त किया गया है। इसके बावजूद अवैध कारोबार रुकने का नाम नहीं ले रहा है। इससे यह स्पष्ट होता है कि माफियाओं के हौसले अब भी बुलंद हैं। सबसे बड़ा सवाल पुलिस विभाग की भूमिका को लेकर उठ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सीसीएल की कार्रवाई के बावजूद पुलिस स्तर पर अपेक्षित सख्ती नजर नहीं आ रही है। यदि पुलिस और अन्य संबंधित विभाग समन्वय के साथ लगातार निगरानी और कठोर कार्रवाई करें, तो इस अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है। स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि अवैध कोयला कारोबार में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए तथा ईंट भट्ठों की भी नियमित जांच की जाए। जब तक प्रशासन और पुलिस सख्त कदम नहीं उठाएंगे, तब तक चर्चा क्षेत्र में अवैध कोयले का यह खेल यूं ही चलता रहेगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ