Ticker

6/recent/ticker-posts

आग से खुला राज : रनई में खड़ी ट्रक से प्रतिबंधित मांगुर मछली बरामद, प्रशासन पर उठे सवाल


कोरिया। जिले के पटना थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रन-ई में आग लगने से खड़ी एक ट्रक ने प्रतिबंधित मांगुर (अफ्रीकन कैटफिश) मछली के अवैध परिवहन का बड़ा मामला उजागर कर दिया है। आग लगने से ट्रक खराब हो गई, जिसके चलते वह सड़क किनारे खड़ी रह गई। इसी दौरान स्थानीय लोगों को सूचना मिली कि ट्रक में भारी मात्रा में प्रतिबंधित मांगुर मछली भरी हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त ट्रक उड़ीसा से मध्यप्रदेश के जबलपुर की ओर जा रही थी। उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ राज्य में मांगुर मछली का पालन, परिवहन, आयात एवं निर्यात पूर्णतः प्रतिबंधित है, इसके बावजूद इस तरह का परिवहन होना प्रशासनिक निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि ट्रक को किसी नियमित जांच के दौरान नहीं पकड़ा गया, बल्कि आग की घटना के कारण यह मामला सामने आया। यदि ट्रक में आग नहीं लगती, तो यह अवैध परिवहन बिना रोक-टोक आगे निकल जाता।

विशेषज्ञों के अनुसार मांगुर मछली पर्यावरण, जल स्रोतों और स्थानीय मछली प्रजातियों के लिए बेहद घातक है। साथ ही इसके सेवन से मानव स्वास्थ्य पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ने की आशंका रहती है। इसी कारण केंद्र सरकार के निर्देशों एवं राज्य शासन के आदेशों के तहत इस मछली पर सख्त प्रतिबंध लगाया गया है। कानूनी दृष्टि से यह मामला मत्स्य अधिनियम, पर्यावरण संरक्षण अधिनियम 1986, तथा शासकीय आदेशों के उल्लंघन की श्रेणी में आता है। इसके साथ ही धारा 188 भा.दं.सं., धारा 269/270 भा.दं.सं. के तहत भी कार्रवाई का प्रावधान है। स्थानीय लोगों की सतर्कता के बाद अंततः मत्स्य विभाग की टीम द्वारा उक्त वाहन को जप्त कर लिया गया है। अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन इस पूरे मामले में दोषियों तक पहुँचकर कितनी सख्त कार्रवाई करता है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ