बैकुंठपुर। यातायात विभाग द्वारा लगातार दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, तीन सवारी न बैठाने और यातायात नियमों का पालन करने को लेकर समझाइश दी जा रही है। इसके बावजूद जिले में नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। हालात यह हैं कि कई स्थानों पर दोपहिया वाहनों पर पांच से छह लोग तक सवार होकर चलते देखे जा रहे हैं, जो न केवल कानून का उल्लंघन है बल्कि गंभीर दुर्घटनाओं को भी न्योता दे रहा है। परिवहन अधिकारी अनिल भगत के निर्देशन में यातायात विभाग द्वारा समय-समय पर अभियान चलाकर नियम तोड़ने वालों पर चालानी कार्रवाई भी की जा रही है। हेलमेट न पहनने, तीन सवारी बैठाने, बिना दस्तावेज वाहन चलाने जैसे मामलों में जुर्माना लगाया जा रहा है। इसके साथ ही वाहन चालकों को मौके पर ही समझाया भी जा रहा है कि यातायात नियम उनकी सुरक्षा के लिए बनाए गए हैं, न कि केवल दंड देने के लिए। इसके बावजूद कई लोग नियमों को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। खासकर युवा वर्ग और ग्रामीण क्षेत्रों में दोपहिया वाहनों पर अधिक सवारी बैठाने की प्रवृत्ति लगातार सामने आ रही है। कई मामलों में छोटे बच्चों को भी बिना सुरक्षा के वाहन पर बैठाकर ले जाया जा रहा है, जिससे हादसे की आशंका और बढ़ जाती है। यातायात विभाग का कहना है कि सड़क दुर्घटनाओं में अधिकांश मौतें हेलमेट न पहनने और ओवरलोडिंग के कारण होती हैं। यदि वाहन चालक नियमों का पालन करें तो कई जानें बचाई जा सकती हैं। परिवहन अधिकारी अनिल भगत ने आम जनता से अपील की है कि वे स्वयं जागरूक बनें और दूसरों को भी नियमों के पालन के लिए प्रेरित करें। विभाग ने साफ किया है कि आगे भी सघन जांच अभियान जारी रहेगा और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बावजूद इसके, जब तक आम नागरिक स्वयं जिम्मेदारी नहीं समझेंगे, तब तक सड़क सुरक्षा का लक्ष्य हासिल करना मुश्किल होगा।

0 टिप्पणियाँ