बैकुण्ठपुर। कलेक्टर श्रीमती चन्दन त्रिपाठी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों एवं शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में जनदर्शन एवं अन्य माध्यमों से प्राप्त आवेदनों के लंबित रहने पर कलेक्टर ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने धान खरीदी की प्रगति की समीक्षा करते हुए सहकारिता, खाद्य, मार्कफेड, राजस्व एवं नोडल अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने किसानों से जुड़ी समस्याओं का समयबद्ध समाधान करने के निर्देश दिए। साथ ही ऑनलाइन टोकन नहीं कटने, रकबा समर्पण एवं अन्य तकनीकी समस्याओं पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। बैठक के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी से अपार आईडी की प्रगति की जानकारी ली गई। कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने निर्देश दिए कि जिले के प्रत्येक विद्यार्थी का अपार आईडी में अनिवार्य रूप से पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बताया कि नई शिक्षा नीति के अंतर्गत अपार आईडी एक ऑटोमेटेड परमानेंट अकैडमिक अकाउंट रजिस्ट्ररी है, जिसमें विद्यार्थियों के शैक्षणिक अभिलेख एवं उपलब्धियां डिजिटल रूप से सुरक्षित रहती हैं। यह व्यवस्था शासकीय एवं निजी दोनों विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए लागू है। कलेक्टर ने शत-प्रतिशत अपार आईडी निर्माण पर विशेष जोर दिया। इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की तथा सभी निर्माण एवं विकास कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने जिले की विगत दो वर्षों की महत्वपूर्ण उपलब्धियों की जानकारी तत्काल जनसम्पर्क विभाग को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। साथ ही उन्होंने सभी अधिकारियों से ई-ऑफिस का अधिकतम उपयोग करने, कार्यालय समय पर उपस्थित रहने तथा ऑनलाइन उपस्थिति अनिवार्य रूप से दर्ज कराने के निर्देश दिए।

0 टिप्पणियाँ