Ticker

6/recent/ticker-posts

नरकेली के कहरापारा में बिना अनुमति चर्च निर्माण पर विवाद, प्रशासन ने संभाले हालात


कोरिया। जिले के ग्राम नरकेली गांव के कहरापारा में बिना अनुमति चर्च निर्माण को लेकर विवाद गहरा गया है। रविवार को जैसे ही ग्रामीणों को निर्माण कार्य की जानकारी मिली, बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए और विरोध जताने लगे। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में बिना किसी वैधानिक अनुमति के चर्च का निर्माण किया जा रहा है, जिससे गांव में तनाव की स्थिति बन गई।

ग्रामीणों के विरोध की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। अधिकारियों ने दोनों पक्षों से बातचीत कर फिलहाल निर्माण कार्य रुकवा दिया है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में शांति बनी रही। इस मामले में ग्राम पंचायत का कहना है कि संबंधित व्यक्ति को केवल आवास निर्माण की अनुमति दी गई थी, न कि चर्च या किसी धार्मिक स्थल के निर्माण की। पंचायत के अनुसार स्वीकृत नक्शे और अनुमति पत्र में घर निर्माण का ही उल्लेख है। वहीं, ग्रामीणों का आरोप है कि आवास की आड़ में धार्मिक स्थल का निर्माण किया जा रहा है, जो नियमों के विरुद्ध है। विवाद बढ़ने के बाद प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दोनों पक्षों की बातों को सुना जाएगा और दस्तावेजों की जांच के बाद ही कोई निर्णय लिया जाएगा। तहसील प्रशासन के अनुसार सोमवार को तहसील कार्यालय में दोनों पक्षों को बुलाया गया है, जहां पूरी सुनवाई की जाएगी। फिलहाल प्रशासन की मौजूदगी में क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है। अधिकारियों ने ग्रामीणों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है और भरोसा दिलाया है कि नियमों के अनुसार निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी। अब सभी की नजरें सोमवार को होने वाली सुनवाई पर टिकी हुई हैं, जहां इस विवाद का समाधान निकलने की उम्मीद जताई जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ