स्थानांतरण के बाद से ग्राम सचिव ने नहीं किया पदभार ग्रहण
कोरिया। बैकुण्ठपुर जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत तलवापारा में स्वच्छता व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। पंचायत का मुख्य मार्ग, जो सीधे गर्ल्स कॉलेज की ओर जाता है, आज गंदगी और दुर्गंध का केंद्र बना हुआ है। सड़क के दोनों ओर फैला कचरा, सड़ा-गला अपशिष्ट, प्लास्टिक और नालियों से बहता गंदा पानी स्वच्छ भारत मिशन के दावों की पोल खोलता साफ नजर आ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इसी मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्राएं गर्ल्स कॉलेज आवागमन करती हैं। लेकिन सड़क किनारे फैली गंदगी, बदबू और मच्छरों के कारण छात्राओं को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। कई बार दुर्गंध इतनी तेज होती है कि लोगों का वहां से गुजरना मुश्किल हो जाता है। इससे संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा भी बढ़ गया है। ग्रामीणों के अनुसार पंचायत में सफाई कर्मियों की तैनाती होने के बावजूद महीनों से इस मार्ग पर नियमित सफाई नहीं हो रही है। नालियों की सफाई न होने के कारण गंदा पानी सड़क पर जमा रहता है। बरसात के समय स्थिति और भयावह हो जाती है, जब कचरा और पानी मिलकर पूरे रास्ते को बदहाल बना देता है। बताया जा रहा है कि ग्राम पंचायत सचिव का स्थानांतरण हुए काफी समय बीत चुका है, लेकिन अब तक नए ग्राम सचिव द्वारा पदभार ग्रहण नहीं किया गया है। सचिव के अभाव में पंचायत कार्यालय लगभग निष्क्रिय पड़ा है। सफाई व्यवस्था, विकास कार्य और जनकल्याणकारी योजनाओं की निगरानी पूरी तरह प्रभावित हो गई है। हैरानी की बात यह है कि यही मार्ग ग्राम पंचायत कार्यालय का मुख्य रास्ता है, लेकिन इसकी दुर्दशा पर किसी का ध्यान नहीं जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि इस गंभीर स्थिति की जानकारी जनपद पंचायत अधिकारियों को होने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। न तो अस्थायी रूप से सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराई गई और न ही नए ग्राम सचिव की शीघ्र पदस्थापना की गई। इसका सीधा खामियाजा पंचायत के निवासियों को भुगतना पड़ रहा है, जिन्हें शासन की योजनाओं का लाभ समय पर नहीं मिल पा रहा है। स्थानीय नागरिकों और अभिभावकों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि तत्काल ग्राम पंचायत तलवापारा में नए ग्राम सचिव की पदस्थापना कराई जाए, गर्ल्स कॉलेज मार्ग को प्राथमिकता के आधार पर साफ कराया जाए और स्वच्छता व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए, ताकि छात्राओं और आम नागरिकों को राहत मिल सके।

0 टिप्पणियाँ