कोरिया। ग्राम छिंदिया स्थित एक राइस मिल में गंभीर अनियमितताएं पाए जाने के बाद प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए मिल को सील कर दिया है। अपर कलेक्टर के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई से जिले में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि मिल संचालन में शासन के नियमों का उल्लंघन, दस्तावेजों में गड़बड़ी तथा धान-चावल के भंडारण और उठाव में अनियमितता की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासनिक टीम ने राइस मिल का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई खामियां सामने आईं, जिनमें स्टॉक रजिस्टर में अंतर, निर्धारित मानकों के अनुरूप भंडारण नहीं होना तथा मिल परिसर में अव्यवस्था प्रमुख रूप से शामिल है। प्रारंभिक जांच में अनियमितताएं प्रमाणित पाए जाने पर अपर कलेक्टर ने तत्काल प्रभाव से राइस मिल को सील करने के आदेश दिए। कार्रवाई के बाद प्रशासन की निगरानी और अधिक सख्त कर दी गई है। तहसीलदार सहित खाद्य विभाग, राजस्व विभाग और अन्य संबंधित अधिकारियों द्वारा लगातार मिल परिसर का दौरा किया जा रहा है, ताकि किसी भी प्रकार की हेराफेरी या साक्ष्यों से छेड़छाड़ न हो सके। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने तक मिल का संचालन बंद रहेगा प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासन की धान खरीदी और चावल वितरण व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि विस्तृत जांच में मिल प्रबंधन की संलिप्तता सिद्ध होती है, तो नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी, साथ ही आर्थिक दंड और लाइसेंस निरस्तीकरण जैसी कार्रवाई भी की जा सकती है। इस कार्रवाई से जिले की अन्य राइस मिलों में भी प्रशासनिक सख्ती का संदेश गया है। अधिकारियों ने सभी मिल संचालकों को नियमों का कड़ाई से पालन करने की चेतावनी दी है, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक सही ढंग से पहुंच सके।

0 टिप्पणियाँ