Ticker

6/recent/ticker-posts

पटना धान खरीदी समिति में छापा, 105 बोरा धान जब्त, बारदाना वितरण पर उठे गंभीर सवाल


बैकुंठपुर। कोरिया जिले में धान खरीदी व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। गुरुवार 15 जनवरी को शाम करीब 4 बजे पटना धान खरीदी समिति में जिला प्रशासन की टीम ने छापामार कार्रवाई करते हुए 105 बोरा धान जब्त किया। इस कार्रवाई के बाद धान खरीदी प्रक्रिया, बारदाना वितरण और राइस मिलरों की भूमिका पर कई अहम सवाल खड़े हो गए हैं।


सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि जब्त किए गए धान में समिति का ही चालू वर्ष 2025-26 का अधिकृत बारदाना उपयोग किया गया था। नियमों के अनुसार यह बारदाना केवल पंजीकृत किसानों को ही समिति के माध्यम से दिया जाना चाहिए। ऐसे में सवाल यह उठता है कि चालू वर्ष का बारदाना पहले राइस मिल तक कैसे पहुंचा और फिर वही बारदाना कोचियों के जरिए किसानों तक कैसे पहुंच गया। इससे यह आशंका और मजबूत हो गई है कि धान खरीदी व्यवस्था में मिलर, कोचिया और कुछ कर्मचारियों की मिलीभगत से खेल किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि इसी दिन जिला प्रशासन ने पटना क्षेत्र के एक राइस मिल को सील किया है, जहां जांच के दौरान लगभग 6000 क्विंटल धान कम पाया गया। इस बड़ी कार्रवाई के बाद अब जिले के अन्य राइस मिलरों की कार्यप्रणाली भी संदेह के घेरे में आ गई है। सूत्रों के अनुसार आशंका है कि कुछ राइस मिलरों द्वारा पहले कोचियों को धान दिया गया, उसके बाद वही धान किसानों के नाम पर धान खरीदी केंद्रों में लाया गया। धान खरीदी समिति में पकड़े गए बारदाने पर वर्ष 2025-26 अंकित होना पूरे मामले को और भी गंभीर बना देता है। इससे यह स्पष्ट होता है कि बारदाना वितरण से लेकर धान की आपूर्ति तक कहीं न कहीं बड़ा खेल चल रहा है। यदि समय रहते इस पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो शासन को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। फिलहाल जिला प्रशासन, खाद्य विभाग और सहकारिता विभाग द्वारा पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। संबंधित राइस मिलरों, समिति कर्मचारियों और कोचियों से पूछताछ शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद जिले में धान खरीदी व्यवस्था की पारदर्शिता पर फिर सवाल खड़े हो गए हैं। अब सभी की निगाहें जांच रिपोर्ट और प्रशासन की आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ