बैकुण्ठपुर। आयुष विभाग, छत्तीसगढ़ द्वारा मंगलवार को सोनहत बाजार, विकासखंड सोनहत में खण्ड स्तरीय आयुष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य आमजन तक आयुष चिकित्सा सेवाओं का विस्तार करना, परंपरागत चिकित्सा पद्धतियों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा वृद्धजनों सहित सभी वर्गों के स्वास्थ्य की देखभाल सुनिश्चित करना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत सदस्य शिवकुमारी, सरपंच मानमती, वरिष्ठ कार्यकर्ता सुभाष जायसवाल एवं भूतपूर्व विधायक प्रतिनिधि व ब्लॉक अध्यक्ष कृष कुमार राजवाड़े द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर जिला आयुष अधिकारी, जिला कोरिया डॉ. अल्विना ग्रेस टोप्पो उपस्थित रहीं। शिविर में स्वास्थ्य जांच, रोग परामर्श, निःशुल्क औषध वितरण, पंचकर्म एवं स्वास्थ्य जागरूकता संबंधी गतिविधियाँ आयोजित की गईं, जिनका बड़ी संख्या में नागरिकों ने लाभ उठाया। इस स्वास्थ्य शिविर में कुल 387 मरीजों का परीक्षण एवं उपचार किया गया, जिसमें आयुर्वेद पद्धति से 325 तथा होम्योपैथिक पद्धति से 62 मरीजों का उपचार किया गया। शिविर में डॉ. तपन चंद्रवंशी, डॉ. बृजेश कुमार गुप्ता, डॉ. राजेश सिंह यादव, डॉ. ओमकली, डॉ. करिश्मा एक्का, डॉ. प्रमोद सिंह, डॉ. सौरभ, डॉ. सृष्टि गुप्ता एवं डॉ. अंजलि सहित फार्मासिस्ट एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे। आयुष विभाग ने जानकारी दी कि आगामी महीनों में जिले के सभी विकासखंडों में इसी प्रकार के आयुष स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक लोगों को आयुष चिकित्सा का लाभ मिल सके।
0 टिप्पणियाँ