बैकुण्ठपुर। जामपारा धान खरीदी केंद्र में धान बेचने जा रहे किसानों के साथ उस समय बड़ा हादसा हो गया जब धान से भरा एक ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। यह घटना जामपारा क्षेत्र में उस मार्ग पर हुई, जहां सड़क के किनारे एक तालाब स्थित है। ट्रैक्टर पलटते ही ट्रॉली में लदा सैकड़ों किलो धान सीधे तालाब में जा गिरा, जिससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर चालक धान लेकर खरीदी केंद्र की ओर जा रहा था, तभी अचानक संतुलन बिगड़ गया और ट्रैक्टर सड़क से फिसलकर पलट गया। गनीमत यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन धान पूरी तरह पानी में डूब गया। घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। इस हादसे के दौरान एक अजूबा दृश्य भी देखने को मिला, जब तालाब में गिरे धान के बीच से एक सर्प बाहर निकाला गया। सर्प के निकलते ही मौके पर मौजूद लोगों में डर और कौतूहल का माहौल बन गया। कुछ लोग इसे देखने के लिए आगे आए, तो कुछ दूरी बनाकर खड़े रहे। सर्प को सुरक्षित तरीके से तालाब से बाहर निकाला गया, जिसके बाद उसे जंगल की ओर छोड़ दिया गया। घटना के बाद किसानों की परेशानी और बढ़ गई, क्योंकि मदद के लिए कोई भी आगे आता नजर नहीं आया। लोग तमाशबीन बने रहे, लेकिन धान निकालने या ट्रैक्टर को सीधा करने में सहयोग नहीं किया। पीड़ित किसान मदद की आस लगाए रहे, परंतु समय पर सहायता न मिलने से नुकसान और अधिक हो गया। सूचना मिलने पर स्थानीय लोग और कुछ जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे तथा स्थिति का जायजा लिया। किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि उन्हें हुए नुकसान का मुआवजा दिया जाए तथा ऐसे मार्गों पर सुरक्षा के उचित इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।


0 टिप्पणियाँ