Ticker

6/recent/ticker-posts

बैकुंठपुर में चोरों का आतंक, नरसिंहपुर में किसान के ट्रैक्टर से 12 बोरी धान व बैटरी चोरी


कोरिया। जिले के बैकुंठपुर सिटी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नरसिंहपुर में रविवार की मध्य रात्रि अज्ञात चोरों ने एक बार फिर चोरी की वारदात को अंजाम देकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। चोरों ने एक किसान के ट्रैक्टर से 12 बोरी धान, जिसे 12 तारीख को धान समिति केंद्र में विक्रय के लिए रखा गया था, के साथ-साथ ट्रैक्टर की बैटरी भी चोरी कर ली। सुबह जब किसान मौके पर पहुंचा तो ट्रैक्टर से धान और बैटरी गायब देख उसके होश उड़ गए। गौरतलब है कि ग्राम नरसिंहपुर में बीते एक माह के भीतर यह चोरी की तीसरी घटना है। इसके बावजूद सिटी कोतवाली पुलिस द्वारा पूर्व की दो घटनाओं में न तो घटनास्थल का मुआयना किया गया और न ही किसी प्रकार की ठोस कार्रवाई की गई। इससे चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं और क्षेत्र में अपराध का ग्राफ बढ़ता नजर आ रहा है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार चोरी की घटनाओं के बावजूद पुलिस की निष्क्रियता चिंता का विषय बन गई है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि शिकायत दर्ज कराने के बाद भी पुलिस केवल औपचारिकता निभा रही है, जिससे चोरों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ रहा। इसी का नतीजा है कि नरसिंहपुर के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों में भी चोरी की वारदातें बढ़ रही हैं। बताया जा रहा है कि बीते दिनों कुडैली के अहीरापारा क्षेत्र में भी ट्रैक्टर की बैटरी चोरी की घटना सामने आई थी, लेकिन वहां भी अब तक चोरों का कोई सुराग नहीं लग पाया है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से किसानों और ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने, चोरी की घटनाओं का गंभीरता से खुलासा करने और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं यदि समय रहते ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो ग्रामीणों ने आंदोलन की चेतावनी भी दी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ