कोरिया। नगर क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 10 डबरीपारा में करंट लगने से एक वानर की मौत का मामला सामने आया है। यह घटना मंगलवार सुबह की बताई जा रही है, जब स्थानीय लोगों ने वानर को मृत अवस्था में देखा। मोहल्लेवासियों ने सुबह लगभग 9 बजे ही इसकी सूचना वन विभाग को दे दी थी, ताकि नियमानुसार मृत वन्य प्राणी को हटाकर आवश्यक कार्रवाई की जा सके। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सूचना देने के बावजूद सुबह 11 बजे तक वन विभाग का कोई भी कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। इस दौरान मृत वानर सड़क किनारे पड़ा रहा, जिससे लोगों में नाराजगी और असंतोष का माहौल बन गया। गर्मी और आवागमन वाले क्षेत्र में शव पड़े रहने से स्वच्छता एवं स्वास्थ्य को लेकर भी चिंता बढ़ने लगी। इसी बीच गौ रक्षक अनुराग दुबे को इस घटना की जानकारी मिली। जानकारी मिलते ही उन्होंने तत्काल पहल करते हुए नगर पालिका के सफाई कर्मचारी भाइयों के सहयोग से मौके पर पहुंचकर मृत वानर को वहां से हटवाया। इसके बाद हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार वानर का सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार कराया गया अनुराग दुबे ने बताया कि वन्य जीवों की सुरक्षा और सम्मानपूर्ण देखरेख की जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होती है। समय पर कार्रवाई न होने से न केवल आमजन की भावनाएं आहत होती हैं, बल्कि यह विभागीय संवेदनहीनता को भी दर्शाता है। उन्होंने मांग की कि करंट लगने की घटना की जांच की जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए विद्युत तारों व अन्य खतरनाक स्थानों की जांच कर आवश्यक सुधार किए जाएं। घटना के बाद क्षेत्र में वन विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय नागरिकों ने भी अपेक्षा जताई है कि वन्य जीवों से जुड़ी घटनाओं में विभाग तत्परता दिखाए, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई हो सके और ऐसी लापरवाहियों से बचा जा सके।

0 टिप्पणियाँ