Ticker

6/recent/ticker-posts

कोरिया पुलिस ने आयोजित किया साइबर सुरक्षा संवाद कार्यक्रम, नागरिकों को किया जागरूक


कोरिया। जिले में बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति आम नागरिकों को जागरूक करने और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कोरिया पुलिस द्वारा “साइबर संवाद कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक के मार्गदर्शन में जिला साइबर सेल द्वारा आयोजित किया गया।


कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस महानिरीक्षक शामिल हुए। अपने संबोधन में उन्होंने साइबर अपराधों के लगातार बढ़ते मामलों पर चिंता जताते हुए आमजन से सतर्क और जागरूक रहने की अपील की। उन्होंने ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी साझा करने, सोशल मीडिया के दुरुपयोग तथा डिजिटल लेन-देन के दौरान सावधानी बरतने से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। पुलिस महानिरीक्षक ने बताया कि किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज कराई जाए या www.cybercrime.gov.in पोर्टल पर रिपोर्ट की जाए। उन्होंने युवाओं, छात्रों और वरिष्ठ नागरिकों से विशेष रूप से सतर्क रहने का आग्रह किया। इस दौरान यह भी स्पष्ट किया गया कि पुलिस कभी भी किसी व्यक्ति को “डिजिटल अरेस्ट” नहीं करती, इसलिए ऐसे किसी भी बहकावे में न आएं और तत्काल पुलिस को सूचना दें। साइबर संवाद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आम नागरिकों और महाविद्यालय के छात्रों ने भाग लिया। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल, उप पुलिस अधीक्षक राजेश साहू, साइबर सेल प्रभारी विनोद पासवान, साइबर सेल की पूरी टीम, अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारी एवं नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में साइबर सेल द्वारा विभिन्न जिलों एवं राज्यों से बरामद किए गए गुम मोबाइल फोन पुलिस महानिरीक्षक के हाथों उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे गए। खोया हुआ मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। सभी ने कोरिया पुलिस के इस प्रयास की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ