बैकुण्ठपुर। धान खरीदी व्यवस्था में टोकन जारी नहीं हो पाने के कारण किसानों का सब्र टूटता नजर आ रहा है। लिमिट नहीं बढ़ाए जाने और समय पर टोकन नहीं मिलने से परेशान किसानों ने गिर्जापुर क्षेत्र में गेट पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कुछ समय के लिए आवागमन पूरी तरह बाधित रहा, जिससे आम नागरिकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। किसानों का कहना है कि वे कई दिनों से टोकन के लिए भटक रहे हैं, लेकिन समिति और ऑनलाइन व्यवस्था के बावजूद उन्हें टोकन नहीं मिल पा रहा है। टोकन लिमिट पूरी हो जाने का हवाला देकर किसानों को वापस लौटा दिया जा रहा है, जबकि उनके धान की कटाई पहले ही हो चुकी है। ऐसे में खुले में रखे धान के खराब होने का खतरा बढ़ता जा रहा है। किसानों ने बताया कि यह समस्या सिर्फ गिर्जापुर तक सीमित नहीं है, बल्कि जिले सहित आसपास के अन्य क्षेत्रों में भी यही स्थिति बनी हुई है। चाहे जाम केंद्र हो या अन्य खरीदी केंद्र, हर जगह किसान टोकन के लिए परेशान हैं। कई किसानों ने आरोप लगाया कि टोकन वितरण में पारदर्शिता नहीं है और सीमित संख्या में ही टोकन जारी किए जा रहे हैं। जाम की सूचना मिलने पर स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा और किसानों को समझाइश दी। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि उच्च अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया जाएगा और जल्द समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। हालांकि किसानों का कहना है कि जब तक टोकन लिमिट नहीं बढ़ाई जाती और सुचारू व्यवस्था नहीं होती, तब तक उनकी परेशानी खत्म नहीं होगी। फिलहाल किसानों का आक्रोश प्रशासन के लिए चुनौती बना हुआ है और यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।

0 टिप्पणियाँ