Ticker

6/recent/ticker-posts

नरकेली के ऊरांवपारा में नाली निर्माण को लेकर ग्रामीणों में रोष, भ्रष्टाचार के आरोप


बैकुंठपुर। जनपद पंचायत बैकुंठपुर अंतर्गत ग्राम नरकेली के ऊरांवपारा में इन दिनों निर्माणाधीन नाली को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों का आरोप है कि नाली निर्माण में खुलेआम अनियमितताएं की जा रही हैं और शासन की राशि का दुरुपयोग किया जा रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि नाली की निर्धारित मोटाई (थिकनेस) का पालन नहीं किया जा रहा है। जहां मोटी और मजबूत नाली बननी थी, वहां जानबूझकर कम मोटाई में निर्माण कराया जा रहा है। इससे नाली की मजबूती पर सवाल खड़े हो रहे हैं और भविष्य में इसके क्षतिग्रस्त होने की आशंका भी जताई जा रही है। इसके साथ ही निर्माण में मशीन क्रश गिट्टी के स्थान पर हाथ से तोड़ी गई ब्रोकिंग गिट्टी का उपयोग किया जा रहा है, जो गुणवत्ता मानकों के विपरीत है ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि नाली का निर्माण नहर के ऊपर कर दिया गया है, जिससे नहर की संरचना को नुकसान पहुंच रहा है।


 इससे न केवल शासन की संपत्ति को क्षति पहुंच रही है, बल्कि भविष्य में जल निकासी और सिंचाई व्यवस्था भी प्रभावित हो सकती है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई, तो बड़ा नुकसान हो सकता है। ऊरांवपारा के ग्रामीणों ने स्पष्ट रूप से कहा कि यह नाली भी भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रही है और जिम्मेदार अधिकारी व ठेकेदार मिलीभगत से कार्य कर रहे हैं। मामले की शिकायत जनपद पंचायत तक पहुंचाई गई है। इस संबंध में जब बैकुंठपुर जनपद पंचायत के अधिकारी से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि “आप लोगों के माध्यम से यह जानकारी हमें प्राप्त हुई है। हम पूरे मामले की जानकारी मंगवाकर जांच कराएंगे और यदि अनियमितता पाई जाती है तो संबंधितों पर कार्रवाई की जाएगी।” फिलहाल ग्रामीण जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, ताकि शासन की राशि का सही उपयोग हो और गुणवत्ता युक्त निर्माण सुनिश्चित हो सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ