Ticker

6/recent/ticker-posts

एसईसील नारी शक्ति खेल महोत्सव का बैकुंठपुर क्षेत्र में भव्य आयोजन


कोरिया। महिलाओं को खेल, फिटनेस एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रेरित करने के उद्देश्य से एसईसील नारी शक्ति खेल महोत्सव का भव्य आयोजन 12 एवं 13 दिसंबर 2025 को बी.के. दास मेमोरियल स्टाफ क्लब, एसईसील बैकुंठपुर क्षेत्र में किया गया। यह दो दिवसीय खेल महोत्सव श्रद्धा महिला मंडल, बिलासपुर के तत्वावधान में तथा सौम्य महिला समिति, एसईसील बैकुंठपुर क्षेत्र के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम का नेतृत्व सौम्य महिला समिति की अध्यक्ष श्रीमती पूनम झा द्वारा किया गया। इस खेल महोत्सव में एसईसील की महिला कर्मचारियों के साथ-साथ कर्मचारियों की पत्नियों सहित 150 से अधिक महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। आयोजन का उद्देश्य महिलाओं में शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना, आपसी समन्वय को मजबूत करना तथा खेलों के माध्यम से सकारात्मक ऊर्जा का संचार करना रहा। दो दिनों तक चले इस आयोजन में खेल भावना और उत्साह का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। महोत्सव के अंतर्गत बैडमिंटन, शतरंज, कैरम, शॉर्ट ट्रैक रेस, रिले रेस जैसी प्रतिस्पर्धात्मक खेल प्रतियोगिताओं के साथ-साथ चम्मच-नींबू दौड़, मटका दौड़, तीन टांग दौड़, जलेबी दौड़ एवं रस्सी कूद जैसे मनोरंजक खेलों का भी आयोजन किया गया। इन खेलों में प्रतिभागियों ने पूरे जोश, उमंग और खेल भावना के साथ भाग लिया, जिससे कार्यक्रम और भी आकर्षक बन गया। विभिन्न खेल श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली लगभग 50 महिला प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया। पुरस्कार वितरण समारोह में विजेताओं के उत्साहवर्धन के साथ-साथ सभी प्रतिभागियों की सराहना की गई। इस अवसर पर सौम्य महिला समिति की अध्यक्ष श्रीमती पूनम झा ने अपने संबोधन में कहा कि फिटनेस दैनिक जीवन का अभिन्न अंग है और महिलाओं को नियमित रूप से खेल एवं शारीरिक गतिविधियों में भाग लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम वर्क की भावना भी विकसित करते हैं। कार्यक्रम के समापन पर यह जानकारी दी गई कि इस आयोजन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली कुछ प्रतिभागियों का चयन अगले सप्ताह हसदेव क्षेत्र में आयोजित होने वाले फाइनल इवेंट के लिए किया जाएगा। एसईसील द्वारा आयोजित यह नारी शक्ति खेल महोत्सव महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य जागरूकता और सकारात्मक कार्यसंस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में एक सराहनीय एवं प्रेरणादायक पहल के रूप में यादगार रहा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ