कोरिया। परियोजना कॉलोनी जाने वाले मार्ग पर बिजली सब-स्टेशन के सामने स्थित निर्माणाधीन भवन इन दिनों असामाजिक गतिविधियों का केंद्र बन चुका है। लंबे समय से अधूरा पड़ा यह भवन नशा करने वालों और संदिग्ध व्यक्तियों का सुरक्षित ठिकाना बन गया है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, गर्मी के मौसम में यहां लूट की वारदात भी हो चुकी है, लेकिन इसके बाद भी इस स्थान पर सुरक्षा की कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हाई स्कूल के कई छात्र स्कूल के बाद ही नहीं, बल्कि पढ़ाई के समय में भी इस भवन में घंटों बैठते हैं। यहां उनकी बढ़ती उपस्थिति अभिभावकों के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गई है। इसके अलावा, शहर के कुछ युवा इस स्थल पर नशीले इंजेक्शन का उपयोग कर रहे हैं। भवन के भीतर कोडिन युक्त कफ सिरप की खाली बोतलें, सुइयाँ और अन्य नशीले पदार्थों के अवशेष अक्सर बिखरे पाए जाते हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि पुलिस प्रशासन गश्त के दौरान कभी-कभार यहां आता है, लेकिन उसका असर अल्पकालिक रहता है। गश्त के बाद जल्द ही नशेड़ियों और संदिग्ध लोगों की भीड़ फिर से जमा हो जाती है। गर्मी में हुई लूट की घटना के बावजूद स्थिति जस की तस बनी रहने से लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ गई है। क्षेत्रवासियों की मांग है कि इस निर्माणाधीन भवन को तुरंत सुरक्षित किया जाए, इसके चारों ओर मजबूत बैरिकेडिंग या बाउंड्री वॉल बनाई जाए और नियमित पुलिस निगरानी बढ़ाई जाए। साथ ही, युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए स्कूलों और सामाजिक संगठनों को मिलकर जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो यह स्थान भविष्य में बड़ी आपराधिक घटनाओं का केंद्र बन सकता है।


0 टिप्पणियाँ