Ticker

6/recent/ticker-posts

नगर सेना बैकुंठपुर में नियमों की अनदेखी! रात में भी रुक रही महिला सैनिक, विभाग में बढ़ी चर्चाएँ

 


कोरिया। नगर सेना बैकुंठपुर कार्यालय इन दिनों चर्चाओं का केंद्र बना हुआ है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, नगर सेना लाइन में महिला सैनिकों को रात में भी रोका जा रहा है, जबकि विभागीय नियमों के अनुसार किसी भी महिला कर्मचारी या महिला सैनिक को रात्रि में कार्यालय परिसर में बिना स्वेच्छा के रुकवाया नहीं जा सकता। नियम स्पष्ट कहते हैं कि यदि किसी महिला कर्मचारी का कार्य निर्धारित समय पर समाप्त हो जाए, तो उसे घर जाने की अनुमति दी जानी चाहिए। जानकारी के अनुसार, बैकुंठपुर नगर सेना लाइन में कई महिला सैनिकों को रात्रि में भी ठहराया जा रहा है, जबकि वे स्वयं कार्य समाप्त होने के बाद घर जाना चाहती हैं। यही नहीं, एमसीबी जिले की महिला प्रशिक्षुओं को भी प्रशिक्षण पूरा होने के बाद समय पर विभागों में भेजने के बजाय लाइन में रोके जाने की बात सामने आ रही है। इससे महिला कर्मचारियों में असंतोष व्याप्त है। सूत्र बताते हैं कि विभागीय नियमों में साफ उल्लेख है कि महिलाओं को रात में कार्यालय या किसी सरकारी आवासीय कैंपस में रुकवाना तभी वैध है, जब उनकी लिखित सहमति हो या कोई विशेष आपातकालीन परिस्थिति हो। इसके बावजूद नगर सेना बैकुंठपुर कार्यालय में इन नियमों की लगातार अनदेखी की जा रही है। स्थानीय स्तर पर कर्मचारियों के बीच यह चर्चा भी तेज है कि यदि किसी महिला सैनिक का ड्यूटी शेड्यूल रात्री रुकने की आवश्यकता नहीं बनाता, तो उसे विभागीय दिशानिर्देशों के अनुसार घर भेजा जाना चाहिए था। लेकिन वर्तमान स्थिति में ऐसा नहीं हो रहा, जिससे विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए यह उम्मीद की जा रही है कि उच्च अधिकारी जल्द ही मामले का संज्ञान लेकर नियमों के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे ताकि भविष्य में ऐसे उदाहरण दोबारा न दोहराए जाएं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ