कोरिया। जिले के बैकुंठपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत चिरमी में रेत खदान टेंडर को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। मंगलवार को ग्राम पंचायत चिरमी के सरपंच विवेक कुमार मरावी के नेतृत्व में सैकड़ों महिलाओं ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। सरपंच ने जिला खनिज अधिकारी को पत्र लिखकर टेंडर प्रक्रिया पर गंभीर आपत्ति दर्ज कराई है। ग्राम पंचायत चिरमी के अनुसार चिरमी गेज नदी रेत खदान का टेंडर ग्राम पंचायत की जानकारी और सहमति के बिना बाहरी निजी एजेंसी मा दुर्गा लेबर एंड सिक्योरिटी सर्विस को दे दिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि रेत खदान ग्राम पंचायत के क्षेत्र में होने के बावजूद पंचायत को नजरअंदाज किया गया। इस निर्णय की जानकारी सरपंच और ग्रामीणों को सोशल मीडिया व अन्य माध्यमों से मिली, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में नाराजगी फैल गई। सरपंच विवेक मरावी, पंचगण और ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि टेंडर प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं बरती गई और बिना जन-सहमति के निजी एजेंसी को लाभ पहुंचाने का प्रयास किया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि स्थानीय संसाधनों और आय पर पहला अधिकार ग्राम पंचायत का है, ऐसे में किसी भी एजेंसी के चयन से पहले पंचायत की सहमति आवश्यक है। ग्राम पंचायत चिरमी ने जिला खनिज अधिकारी से मांग की है कि मौजूदा टेंडर को तत्काल निरस्त किया जाए और रेत खदान का संचालन अधिकार पंचायत को वापस सौंपा जाए। ग्रामीणों का कहना है कि यदि उनकी मांग पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और बड़ा किया जाएगा। कलेक्टर कार्यालय में हुए इस विरोध प्रदर्शन ने प्रशासनिक दफ्तरों में भी हलचल मचा दी है, और अब सभी की निगाहें संबंधित विभाग के आगामी निर्णय पर टिकी हैं।

0 टिप्पणियाँ