बैकुंठपुर। नगर पालिका क्षेत्र में सड़कों पर जगह-जगह गड्ढे खोदकर उन्हें अधूरा छोड़ दिए जाने से आमजन की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। पहले से भरे गए गड्ढों के पास ही नए गड्ढे खोद दिए गए हैं, जिससे मुख्य मार्गों की हालत बेहद खराब हो गई है। इस अव्यवस्था के कारण नगर क्षेत्र में दुर्घटनाओं की संख्या में इजाफा हो रहा है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। जानकारी के अनुसार, गैस पाइपलाइन बिछाने के नाम पर नगर पालिका के प्रमुख मार्गों को खोद दिया गया है। खुदाई के दौरान न तो सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा है और न ही स्थल पर नगर पालिका का कोई जिम्मेदार अधिकारी या कर्मचारी मौजूद रहता है। परिणामस्वरूप राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों और स्कूली बच्चों को भारी जोखिम उठाकर आवागमन करना पड़ रहा है। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि गैस पाइपलाइन डालते समय पानी की पाइपलाइन को भी जगह-जगह क्षतिग्रस्त कर दिया गया है। कई स्थानों पर पानी की पाइप फूटी पड़ी है, जिससे जलापूर्ति व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। नगर पालिका क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से पानी की सप्लाई बाधित है, जिससे नागरिकों को पीने के पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। निवासियों का कहना है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद न तो खुदाई कार्य को व्यवस्थित किया जा रहा है और न ही क्षतिग्रस्त सड़कों व पाइपलाइनों की तत्काल मरम्मत की जा रही है। लोगों ने मांग की है कि गैस पाइपलाइन कार्य के दौरान जिम्मेदार अधिकारियों की मौके पर तैनाती की जाए, सुरक्षा संकेतक लगाए जाएँ और कार्य पूर्ण होते ही सड़कों की मरम्मत कर जलापूर्ति बहाल की जाए। यदि शीघ्र ही स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो नागरिक आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे। नगर प्रशासन से अपेक्षा की जा रही है कि वह मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल ठोस कदम उठाए, ताकि दुर्घटनाओं पर अंकुश लग सके और आम जनता को राहत मिल सके।

0 टिप्पणियाँ