कोरिया। नागपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत बरबसपुर टोल प्लाज़ा के पास सोमवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें तेज रफ्तार प्लसर मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर पुल से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। स्थानीय लोगों की सूचना पर नागपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की। हादसे में मृत पाए गए दोनों युवकों के पास कोई भी पहचान पत्र नहीं मिला है, जिससे उनकी पहचान सुनिश्चित करना पुलिस के लिए चुनौती बन गया है। वहीं दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल पर भी नंबर प्लेट नहीं लगी थी, जिसके कारण उनके परिजनों तक जानकारी पहुंचाने में दिक्कतें आ रही हैं। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दोनों की पहचान के प्रयास जारी हैं। क्षेत्र में लगातार तेज रफ्तार और अनियंत्रित बाइक चलाने के कारण हादसे बढ़ते जा रहे हैं। कुछ दिनों पहले ही मोहरा में इसी तरह की दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो चुकी है। इसके बावजूद मोटरसाइकिल चालकों में लापरवाही और तेज रफ्तार का चलन कम होता नजर नहीं आ रहा है। नागपुर पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह साफ हुआ कि बाइक अत्यधिक रफ्तार में थी और नियंत्रण खोने के कारण पुल से टकरा गई। पुलिस आसपास के गांवों में सूचना प्रसारित कर रही है, ताकि मृतकों की पहचान जल्द हो सके। लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने लोगों से सावधानी बरतने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।

0 टिप्पणियाँ