कोरिया जिला मुख्यालय बैकुंठपुर में आज सुबह (20/11/25) मानवता और ईमानदारी का एक प्रेरणादायक उदाहरण सामने आया। नया बस स्टैंड परिसर में पान ठेला चलाने वाले श्री कृष्ण चंद्र गुप्ता उर्फ मुन्ना भैया को सड़क पर एक पर्स मिला जिसमें नकद राशि के साथ एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, निर्वाचन परिचय पत्र समेत कई महत्वपूर्ण दस्तावेज मौजूद थे। पर्स के अंदर मौजूद मोबाइल नंबर के आधार पर मुन्ना भैया ने तत्काल उसके मालिक तक संपर्क किया और बिना किसी हिचकिचाहट के उसे सुरक्षित लौटाने की सूचना दी। उल्लेखनीय है कि पर्स खोने वाला व्यक्ति बीमार होने के कारण अस्पताल में भर्ती था। सूचना मिलते ही उसका बेटा वहां पहुंचा और पूरी नकदी व आवश्यक दस्तावेज मुन्ना भैया से सुरक्षित प्राप्त किए। आम मेहनतकश जिंदगी जीते हुए भी मुन्ना भैया ने अपनी ईमानदारी और मानवीय संवेदना का परिचय देकर एक परिवार को बड़ी चिंता से मुक्त कर दिया। इस नेक कदम के बाद स्थानीय लोगों और समाज के विभिन्न वर्गों से उन्हें सराहना, शुभकामनाएं और साधुवाद मिल रहा है। मुन्ना भैया जैसे लोग ही समाज में भरोसे, नैतिकता और इंसानियत की रोशनी को जीवित रखते हैं।

0 टिप्पणियाँ