कोरिया जिले में जुए का अवैध कारोबार तेजी से पैर पसार रहा है। पिछले एक माह से चिरमिरी, खड़गांव, नागपुर, पटना, बैकुंठपुर, महेंद्रगढ़, चर्चा, डुमरिया व रनई सहित सूरजपुर क्षेत्र तक जुवारी गिरोह सक्रिय है। सूत्रों के अनुसार इन सभी क्षेत्रों के जुवारी रोजाना अलग-अलग इलाकों में घूम-घूम कर जंगलों में बड़े पैमाने पर जुआ का संचालन कर रहे हैं, जिनमें प्रतिदिन 10 से 15 लाख रुपये तक का खेल चल रहा है। जानकारी के मुताबिक चिरमिरी थाना अंतर्गत लक्ष्मण झरिया, खड़गांव थाना क्षेत्र में बंजारीडंड, ठगांव, सिटीपाथर, बैकुंठपुर थाना के अंतर्गत अमरपुर, चिल्का, मनसुख, वहीं चर्चा थाना क्षेत्र में नगर, बिसुनपुर, उमझर, तर्रा, बसेर, फूलपुर तथा आसपास के जंगली क्षेत्रों में लगातार जुआ फड़ संचालित किए जा रहे हैं। जुआ खेलने के लिए रोजाना वाहनों से दूर-दराज से जुवारी पहुंचते हैं, जिससे स्थानीय ग्रामीणों में भी असुरक्षा और भय का माहौल बना हुआ है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि इतने बड़े पैमाने पर चल रहे जुआ कारोबार की जानकारी क्या पुलिस प्रशासन को नहीं है, या फिर अनदेखी के पीछे कोई मिलीभगत है? जुए में बर्बाद होते घरों और बढ़ते अपराध की चिंताएं लगातार सामने आ रही हैं। अब देखना यह होगा कि उक्त जुआ फड़ पर पुलिस प्रशासन की कार्रवाई कब तक होती है, या फिर स्थानीय परिवार इसी तरह बर्बादी का शिकार होते रहेंगे।

0 टिप्पणियाँ