कोरिया। सरगुजा संभाग के इतिहास में एक और स्वर्णिम अध्याय जुड़ने जा रहा है। कोरिया जिले में सरगुजा संभाग का पहला ओपन थिएटर बनकर पूरी तरह तैयार है, जिसका उद्घाटन 16–17 तारीख को आयोजित कोरिया उत्सव के दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के करकमलों से किया जाएगा। लगभग 26 लाख 67 हजार रुपये की लागत से निर्मित यह ओपन थिएटर न केवल सांस्कृतिक गतिविधियों को नया मंच देगा, बल्कि जिले की पहचान को भी नई ऊंचाई प्रदान करेगा।
ओपन थिएटर की भव्य संरचना और आकर्षक चित्रकारी देखते ही बनती है। इसकी दीवारों पर उकेरी गई पारंपरिक एवं सांस्कृतिक झलकियां छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक कला और परंपरा को जीवंत रूप में प्रस्तुत करती हैं। रंग-रोगन और कलात्मक सज्जा के कारण यह स्थल लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बन गया है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस प्रकार की सुंदर और सुव्यवस्थित सांस्कृतिक संरचना पहले कभी जिले में देखने को नहीं मिली। कोरिया जिला भले ही भौगोलिक दृष्टि से छोटा हो, लेकिन विकास और नवाचार के मामले में लगातार अपनी अलग पहचान बना रहा है। झुमका बांध में पूर्व कलेक्टर द्वारा शुरू की गई बोट सुविधा ने पर्यटन को नई दिशा दी थी, जिससे जिले में पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई। अब वर्तमान कलेक्टर के प्रयासों से तैयार हुआ यह ओपन थिएटर जिले के सांस्कृतिक इतिहास में मील का पत्थर साबित होने जा रहा है।
जिला प्रशासन के कुशल नेतृत्व और दूरदर्शी सोच का ही परिणाम है कि कोरिया जैसे सीमावर्ती जिले में इस प्रकार की आधुनिक सुविधाएं विकसित हो रही हैं। कलेक्टर कोरिया के मार्गदर्शन में न केवल आधारभूत संरचनाओं का विकास हो रहा है, बल्कि सांस्कृतिक धरोहरों को भी सहेजने और बढ़ावा देने का कार्य प्राथमिकता से किया जा रहा है। ओपन थिएटर भविष्य में सांस्कृतिक कार्यक्रमों, नाट्य मंचन, लोकनृत्य, संगीत समारोह और सामाजिक आयोजनों का प्रमुख केंद्र बनेगा। कोरिया उत्सव के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति इस आयोजन को और भी विशेष बनाएगी। जिलेवासियों में उत्साह का माहौल है और सभी को इस ऐतिहासिक पल का इंतजार है। प्रशासन द्वारा कार्यक्रम की व्यापक तैयारियां की जा रही हैं, ताकि आगंतुकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। निस्संदेह, यह ओपन थिएटर कोरिया जिले की पहचान को नई चमक देगा और आने वाले समय में पर्यटन तथा सांस्कृतिक गतिविधियों को नई दिशा प्रदान करेगा। जिला प्रशासन और कलेक्टर कोरिया की यह पहल विकास, सौंदर्य और संस्कृति के संगम का उत्कृष्ट उदाहरण है, जिसकी सराहना हर स्तर पर की जा रही है।



0 टिप्पणियाँ