Ticker

6/recent/ticker-posts

शहरीय गौठान से हटाया गया कचरा, कलेक्टर की पहल से मिली राहत

नगर पालिका कर्मचारियों का 3 माह से रुका वेतन, त्यौहार से पहले बढ़ी चिंता


कोरिया। तलवापारा स्थित SLRM सेंटर में लंबे समय से जमा कचरे की समस्या ने आखिरकार प्रशासन का ध्यान खींच ही लिया। कोरिया दर्पण में समाचार के प्रकाशन के बाद कलेक्टर कोरिया ने तत्काल संज्ञान लेते हुए नगर पालिका कर्मचारियों को कड़ा निर्देश दिया कि पूरे शहर का कचरा वहां से हटाया जाए। स्थानीय लोगों की शिकायत थी कि नगर पालिका द्वारा शहरभर का कचरा SLRM सेंटर परिसर में ही डाल दिया गया था। कई दिनों से यह कचरा इकट्ठा होता रहा, जिसके चलते पूरे क्षेत्र में असहनीय दुर्गंध फैलने लगी। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि आस-पास रहने वाले लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का खतरा बढ़ने लगा।


विशेष चिंता का विषय यह भी था कि SLRM सेंटर के पास ही नगर सेना का कैंपस स्थित है, जहां वर्तमान समय में नई भर्ती हुए नगर सैनिकों का प्रशिक्षण चल रहा है। कचरे के कारण वहां भी बीमारियों का खतरा मंडराने लगा था। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए कलेक्टर ने तत्काल पहल करते हुए नगर पालिका कर्मचारियों को मौके पर भेजा और कचरे को हटाने का निर्देश दिया। प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद अब वहां सफाई अभियान चलाया गया और क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिली है।

वेतन भुगतान में लापरवाही

इधर नगर पालिका बैकुंठपुर में साफ-सफाई व्यवस्था में अपनी अहम भूमिका निभाने वाले प्लेसमेंट कर्मचारियों की हालत भी चिंताजनक बनी हुई है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इन कर्मचारियों का पिछले तीन माह से वेतन भुगतान नहीं किया गया है। नगर पालिका के इन प्लेसमेंट कर्मचारियों की मेहनत से ही पूरे शहर में सफाई व्यवस्था बनी रहती है। कचरा उठाने से लेकर नालियों की सफाई तक, हर जिम्मेदारी इन्हीं पर टिकी रहती है। बावजूद इसके, समय पर वेतन न मिलने से कर्मचारी आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं।


त्यौहार का समय नजदीक है, ऐसे में परिवार चलाने और त्योहार की तैयारी करने में कर्मचारियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कर्मचारियों का कहना है कि कई बार उन्होंने अपनी समस्या उच्च अधिकारियों तक पहुंचाई, लेकिन अब तक उन्हें आश्वासन के अलावा कुछ नहीं मिला।

कर्मचारी बोले – “समय पर मिले मेहनताना”

कर्मचारियों ने साफ कहा कि अगर समय पर मेहनताना ही न मिले तो रोजाना की जरूरतें पूरी करना भी मुश्किल हो जाता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द उनके वेतन का भुगतान किया जाए, ताकि वे परिवार की जिम्मेदारियां निभा सकें।

प्रशासन के लिए दोहरी चुनौती

एक तरफ जहां नगर पालिका को शहर की साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखनी है, वहीं दूसरी ओर कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान करना भी उतना ही जरूरी है। SLRM सेंटर से कचरा हटाने की कार्रवाई ने यह जरूर दिखा दिया कि प्रशासन सजग है और जनता की समस्याओं पर त्वरित प्रतिक्रिया देने को तैयार है। लेकिन, कर्मचारियों के वेतन भुगतान की समस्या पर भी तात्कालिक समाधान आवश्यक है, ताकि सफाई व्यवस्था में लगे कर्मियों का मनोबल बना रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ