बैकुण्ठपुर। नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए स्थानीय नागरिकों ने गंभीर लापरवाही का मामला उजागर किया है। जानकारी के अनुसार, छिन्ददांड रोड स्थित पेट्रोल पंप के आगे बीती रात एक मवेशी की मौत हो गई थी। मृत गाय सुबह से ही सड़क पर पड़ी हुई है, लेकिन समय पर व्यवस्था करने की जिम्मेदारी निभाने वाला नगर पालिका प्रशासन अब तक उदासीन बना हुआ है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि सुबह 10:00 बजे ही इस घटना की जानकारी नगर पालिका को दे दी गई थी। इसके बावजूद कई घंटे बीत जाने के बाद भी मृत पशु को सड़क से उठाने के लिए कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। इससे सड़क पर आवागमन करने वाले लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, मृत मवेशी की दुर्गंध और संक्रमण फैलने की आशंका से भी स्थानीय नागरिकों में नाराजगी देखी जा रही है। निवासियों ने कहा कि नगर पालिका का यह रवैया न केवल असंवेदनशील है, बल्कि जनहित के साथ खिलवाड़ भी है। शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर पहले से ही सवाल उठते रहे हैं, अब ऐसे मामलों ने पालिका की कार्यप्रणाली पर और भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि यदि नगर पालिका प्रशासन समय रहते मृत पशुओं को नहीं हटाता, तो इससे सड़क दुर्घटनाओं का भी खतरा बढ़ सकता है, साथ ही स्वास्थ्य संबंधी संकट भी खड़ा हो सकता है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि नगर पालिका तुरंत मृत मवेशी को उठवाकर रोड से हटाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो इसके लिए ठोस कार्ययोजना बनाई जाए। नागरिकों का कहना है कि नगर पालिका कर्मचारियों की लापरवाही बर्दाश्त से बाहर है और यदि यह रवैया नहीं बदला तो वे मजबूरन आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे। इस घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि शहर की सफाई व्यवस्था केवल कागजों तक ही सीमित है। जिम्मेदार अधिकारी और कर्मचारी केवल वेतन भोगी बनकर रह गए हैं, जबकि जनता को परेशानियों का बोझ उठाना पड़ रहा है। नगर पालिका प्रशासन की ओर से इस मामले में अब तक कोई स्पष्ट जवाब सामने नहीं आया है।
0 टिप्पणियाँ