Ticker

6/recent/ticker-posts

पुराने नगर पालिका–कचहरीपारा मार्ग बना अतिक्रमण और अव्यवस्था का शिकार


कोरिया। बैकुण्ठपुर नगर के पुराने नगर पालिका कार्यालय से कचहरीपारा को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण गली इन दिनों गंभीर अव्यवस्था और अतिक्रमण की चपेट में है। स्थानीय नागरिकों के अनुसार इस गली के रोड पर एक होटल/वेबसाई संचालक द्वारा बड़ी मात्रा में शराब की खाली बोतलें खुलेआम रख दी गई हैं। 

इतना ही नहीं, निर्माण कार्य का पूरा मलबा (मालवा) भी सड़क पर डालकर मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया गया है। यह मार्ग केवल एक साधारण गली नहीं है, बल्कि मुख्य सड़क पर जाम की स्थिति बनने पर अधिकांश लोग इसी रास्ते का उपयोग आवागमन के लिए करते हैं। ऐसे में सड़क का इस प्रकार अवरुद्ध होना आम जनता के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गया है। स्थानीय रहवासियों का कहना है कि पिछले कई वर्षों से इस मार्ग को धीरे-धीरे कैप्चर किया जा रहा है, लेकिन संबंधित विभागों ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है।

हालात यहां तक बिगड़ चुके हैं कि शराब की खाली बोतलों को बोरियों में भरकर भी सड़क पर रख दिया गया है, जिससे न केवल रास्ता संकरा हो गया है बल्कि गंदगी और दुर्गंध भी फैल रही है। इस मार्ग से महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों का रोजाना आना-जाना होता है, जिससे उनकी सुरक्षा और सम्मान दोनों पर सवाल खड़े हो रहे हैं। रात के समय इस रास्ते से गुजरना और भी जोखिम भरा हो गया है। स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका और जिला प्रशासन से मांग की है कि तत्काल इस अतिक्रमण को हटाया जाए, शराब की बोतलों व निर्माण मलबे को सड़क से साफ कराया जाए तथा संबंधित होटल संचालक पर कड़ी कार्रवाई की जाए। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने कदम नहीं उठाया, तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है। अब देखना यह है कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कब तक संज्ञान लेता है और जनता को राहत मिलती है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ