बैकुंठपुर। गर्स स्कूल में रजत जयंती महोत्सव के अवसर पर 04 फरवरी 2026 को बिजली विभाग की ओर से विद्युत जागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को विद्युत ऊर्जा के महत्व, अक्षय ऊर्जा स्रोतों और ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान हमारे जीवन में विद्युत ऊर्जा का महत्व, सौर ऊर्जा का विद्युत ऊर्जा के रूप में उपयोग, अक्षय ऊर्जा स्रोत, अक्षय ऊर्जा भारत का भविष्य है जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही विद्युत से संबंधित सामान्य ज्ञान और “बिजली बचाओ–भविष्य बचाओ” अभियान के अंतर्गत छात्र-छात्राओं के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में भाषण, निबंध लेखन एवं चित्रकला शामिल रहीं। निबंध प्रतियोगिता में स्नेहा खलखो ने प्रथम, श्वेता सिंह ने द्वितीय तथा गौरी सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। हायर सेकेंडरी स्तर पर भाषण प्रतियोगिता में रथम वाची लंगोटे प्रथम, रेखा यादव द्वितीय एवं प्रति सिंह तृतीय स्थान पर रहीं। चित्रकला प्रतियोगिता में आयुष्ता ने प्रथम, मनीषा खलखो ने द्वितीय तथा साधना ने तृतीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला शिक्षा अधिकारी विनोद राय एवं जिला खेल अधिकारी जितेन्द्र गुप्ता उपस्थित रहे। वहीं बिजली विभाग की ओर से अधीक्षण अभियंता राजेश लकड़ा, कार्यपालन अभियंता राजपति मिश्रा एवं सहायक कार्यपालन अभियंता केशव चंद्रा की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि विद्युत ऊर्जा आज के आधुनिक जीवन की रीढ़ है और इसके संरक्षण के बिना सतत विकास संभव नहीं है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे ऊर्जा बचत को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और अपने परिवार व समाज को भी इसके लिए प्रेरित करें। बिजली विभाग के अधिकारियों ने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि सरकार का लक्ष्य आम नागरिकों को सस्ती, सुरक्षित एवं सतत ऊर्जा उपलब्ध कराना है। ये योजनाएं भविष्य में जिले के विकास को नई दिशा देंगी। कार्यक्रम के सफल आयोजन में गर्स स्कूल के प्राचार्य द्वारा बिजली विभाग को पूर्ण सहयोग प्रदान किया गया। अंत में कार्यक्रम का समापन इस संकल्प के साथ हुआ कि आने वाले समय में कोरिया जिले को ऊर्जा के क्षेत्र में और अधिक सशक्त बनाया जाएगा तथा अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा।


0 टिप्पणियाँ