Ticker

6/recent/ticker-posts

मुख्य मार्गों पर नाबालिगों का स्टंट, अब लड़कियां भी नियमों की अनदेखी में आगे

कोरिया। जिला मुख्यालय में सड़क सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। विभागीय सख्ती के बाद स्टंट करने वाले युवकों की संख्या में भले ही कुछ कमी आई हो, लेकिन अब एक नया और चिंताजनक मामला सामने आया है। मुख्य मार्गों पर अब लड़कियां भी खुलेआम यातायात नियमों की अनदेखी करते हुए स्कूटी और मोटरसाइकिल पर खतरनाक ढंग से वाहन चला रही हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जिला मुख्यालय के व्यस्त मुख्य मार्ग पर एक स्कूटी में चार लोगों को बैठाकर तेज रफ्तार में वाहन चलाया जा रहा था। स्कूटी क्रमांक सीजी 16 सीपी 3171 की चालक युवती नाबालिग प्रतीत हो रही है और उसके पास ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं होने की आशंका जताई जा रही है। स्कूटी में चालक के साथ एक नाबालिग लड़का एवं दो नाबालिग युवतियां सवार थीं, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता था।

इसी तरह एक अन्य मामले में मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 15 डीजे 6966 पर एक युवक के साथ तीन युवतियां सवार होकर तेज रफ्तार में वाहन चलाते हुए स्टंट करती देखी गईं। मोटरसाइकिल पर क्षमता से अधिक सवारी होना न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह जानलेवा भी साबित हो सकता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार कार्रवाई के बावजूद इस तरह की घटनाएं सामने आना यातायात नियमों के प्रति लापरवाही को दर्शाता है। नाबालिगों द्वारा बिना लाइसेंस वाहन चलाना मोटर व्हीकल एक्ट का गंभीर उल्लंघन है, वहीं बालिग युवक-युवतियों द्वारा भी नियमों की अनदेखी की जा रही है। अब देखना यह होगा कि यातायात एवं परिवहन विभाग इन मामलों में क्या ठोस कार्रवाई करता है। नागरिकों की मांग है कि नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने पर सख्त कदम उठाए जाएं और साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि बालिग युवक-युवतियां लाइसेंस के साथ यातायात नियमों का पालन करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ