बैकुंठपुर। छत्तीसगढ़ राज्य के स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव के अंतर्गत कोरिया जिले में बिजली विभाग की उपलब्धियों को लेकर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले में विद्युत अधोसंरचना के विस्तार, जनकल्याणकारी योजनाओं और उपभोक्ता सेवाओं में हुए सुधारों को रेखांकित किया गया। कार्यक्रम में बताया गया कि कोरिया जिले में पहले जहां मात्र एक सब स्टेशन था, वहीं आज 10 सब स्टेशन संचालित हो रहे हैं। इससे न केवल शहरी बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित हुई है। बिजली विभाग द्वारा लगातार किए जा रहे विकास कार्यों के चलते कृषि, घरेलू एवं व्यवसायिक गतिविधियों को मजबूती मिली है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, बीपीएल विद्युत योजना, केजेजेवाय (कुसुम/ग्रामीण विद्युत योजनाएं), घरेलू एवं व्यवसायिक बिजली कनेक्शन योजनाएं तथा 1912 ऑनलाइन शिकायत निवारण प्रणाली की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि 1912 हेल्पलाइन के माध्यम से उपभोक्ता घर बैठे बिजली से संबंधित शिकायत दर्ज करा सकते हैं, जिनका त्वरित समाधान किया जा रहा है। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के अंतर्गत सौर ऊर्जा अपनाने वाले पांच उपभोक्ताओं सहित घरेलू एवं व्यवसायिक बिजली योजना के लाभार्थियों को मंच से सम्मानित किया गया। सम्मानित उपभोक्ताओं में रवि शंकर साहू, अनिल शर्मा, शारदा गुप्ता, अजय कुमार साहू, शीतल गुप्ता, केजेजेवाय के राम प्रकाश, बृज नंदन, देव नारायण, राजेन्द्र तिवारी, प्रेमा बाई (व्यवसायिक), साहिदा बेगम, सरिता सिंह, सरस्वती सूर्यवंशी, बीपीएल श्रेणी के लक्ष्मण कश्यप, शकिला बानो, भनेश्वरी सिंह, प्रतिक त्रिवेदी एवं सरोज शामिल रहे। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से जिला पंचायत सदस्य गीता राजवाड़े, राजेश साहू, सौभाग्यवती सिंह कुसरो, अनिल शर्मा, बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता राजेश लकड़ा, कार्यपालन अभियंता राजपति मिश्रा एवं सहायक कार्यपालन अभियंता केशव चंद्रा उपस्थित रहे। अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि बिजली विभाग की योजनाएं आम नागरिकों को सस्ती, सुरक्षित और सतत ऊर्जा उपलब्ध कराने की दिशा में मील का पत्थर साबित हो रही हैं। कार्यक्रम का समापन इस संकल्प के साथ हुआ कि आने वाले समय में कोरिया जिले को ऊर्जा के क्षेत्र में और अधिक सशक्त बनाया जाएगा तथा अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा।

0 टिप्पणियाँ