Ticker

6/recent/ticker-posts

बैकुंठपुर के प्रेमबाग वार्ड में कुएं की मरम्मत में बाधा, पार्षद ने कलेक्टर से की त्वरित कार्रवाई की मांग


बैकुंठपुर। नगर पालिका परिषद बैकुंठपुर अंतर्गत प्रेमबाग वार्ड क्रमांक 17 बाबू कॉलोनी में स्थित कुएं की मरम्मत कार्य को लेकर प्रशासनिक अड़चन सामने आई है। वार्ड की पार्षद श्रीमती शिल्पा गुप्ता ने इस संबंध में जिला कलेक्टर को पत्र लिखकर कुएं की मरम्मत शीघ्र पूर्ण कराने की मांग की है।

पार्षद द्वारा भेजे गए पत्र में उल्लेख किया गया है कि नगर पालिका परिषद बैकुंठपुर द्वारा बाबू कॉलोनी में स्थित कुएं का मरम्मत कार्य प्रारंभ कराया गया है। इस कुएं के मरम्मत हो जाने से वार्डवासी एवं बाबू कॉलोनी में निवासरत विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों को पेयजल की समस्या से राहत मिलेगी। विशेषकर गर्मी के मौसम में इस क्षेत्र में पानी की भारी किल्लत रहती है, जिसके कारण इसी कुएं के पानी पर निर्भर रहना पड़ता है। पत्र में यह भी बताया गया है कि कुएं की मरम्मत के पश्चात नागरिकों को शुद्ध एवं स्वच्छ पानी उपलब्ध हो सकेगा, लेकिन वर्तमान में इस कार्य में एल.आई.बी. विभाग द्वारा बाधा उत्पन्न की जा रही है, जिससे मरम्मत कार्य प्रभावित हो रहा है। मरम्मत कार्य शुरू होने के बाद भी कुआं अभी खुला हुआ है, जिससे आए दिन जानवरों के गिरने का खतरा बना हुआ है। इस स्थिति में किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। पार्षद शिल्पा गुप्ता ने कलेक्टर से अनुरोध किया है कि वार्डवासी एवं बाबू कॉलोनी में निवासरत अधिकारी-कर्मचारियों की पेयजल सुविधा को ध्यान में रखते हुए कुएं के मरम्मत कार्य को जल्द से जल्द पूर्ण कराने हेतु आवश्यक निर्देश दिए जाएं। ताकि आने वाले ग्रीष्मकाल में पानी की समस्या से लोगों को जूझना न पड़े और किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके। स्थानीय नागरिकों का भी कहना है कि यदि कुएं की मरम्मत समय रहते नहीं कराई गई तो गर्मी के दिनों में जल संकट और गहरा सकता है। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस मामले में कितनी शीघ्रता से हस्तक्षेप कर समस्या का समाधान करता है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ