कोरिया। शहर के बहुप्रतीक्षित सड़क चौड़ीकरण को लेकर प्रयास लगातार जारी हैं। इस संबंध में विगत दिनों स्थानीय विधायक भैयालाल से मुलाकात कर जनहित और शहर की आवश्यकता को उनके समक्ष रखा गया था। इस दौरान समवर्त कुमार रूप, मनीष सिंह और मोनू मांझी भी मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में शहरवासियों की मांग को सामने रखते हुए सड़क चौड़ीकरण की आवश्यकता बताई, जिस पर विधायक ने स्पष्ट रूप से आश्वासन दिया था कि यह कार्य कराया जाएगा।
इसके बाद विधायक द्वारा प्रदेश के वित्त मंत्री से भी मुलाकात कर सड़क चौड़ीकरण की मांग रखी गई। वित्त मंत्री ने इस कार्य के लिए प्रशासकीय स्वीकृति दिए जाने की बात कही। वहीं छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मंच से भी सड़क चौड़ीकरण को लेकर घोषणा की गई, जिससे आमजन में उम्मीद और विश्वास और मजबूत हुआ। इसी बीच स्वास्थ्य कारणों से विधायक को कुछ समय रायपुर में रहना पड़ा। इस दौरान शहरवासियों ने उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ और दीर्घायु की कामना की। हाल ही में उनसे पुनः मुलाकात हुई, जिसमें समवर्त कुमार रूप भी उपस्थित रहे। बातचीत के दौरान सड़क चौड़ीकरण को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई। बताया गया कि खनिज न्यास मद से सड़क किनारे बिजली आपूर्ति के लिए लगाए जा रहे खंभों के कार्य पर फिलहाल रोक लगा दी गई है। यह निर्णय इसलिए लिया गया है ताकि भविष्य में प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण में किसी प्रकार की बाधा न आए और अनावश्यक पुनः कार्य न करना पड़े। इससे यह स्पष्ट होता है कि प्रशासनिक स्तर पर भी चौड़ीकरण को ध्यान में रखकर योजनाबद्ध ढंग से कदम उठाए जा रहे हैं। साथ ही यह भी जानकारी मिली है कि आगामी बजट में सड़क चौड़ीकरण कार्य को प्रशासकीय स्वीकृति मिलने की प्रबल संभावना है। इस दिशा में प्रयास लगातार जारी हैं। समवर्त कुमार रूप द्वारा इस विषय में वित्त मंत्री, नगरीय प्रशासन मंत्री और प्रदेश के मुख्यमंत्री को ज्ञापन भी सौंपा जा चुका है, जिससे यह मांग और मजबूत हुई है। शहर के हित और सुव्यवस्थित विकास के लिए किए जा रहे ये प्रयास यह दर्शाते हैं कि मातृभूमि कोरिया के प्रति दायित्व निभाने के लिए सभी संबंधित लोग प्रतिबद्ध हैं और आने वाले समय में सड़क चौड़ीकरण का कार्य धरातल पर उतरने की उम्मीद और मजबूत हुई है।


0 टिप्पणियाँ