Ticker

6/recent/ticker-posts

अंधे मोड़ पर तेज रफ्तार बनी जानलेवा, बालमगढ़ी मास्टर टावर के पास सड़क हादसे में युवक की मौत, एक घायल


कोरिया। सोनहत क्षेत्र में लगातार हो रहे विकास और पर्यटन गतिविधियों के बीच सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार दोपहर करीब 3 बजे बालमगढ़ी मास्टर टावर के पास स्थित अंधे मोड़ पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें तेज रफ्तार दोपहिया वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दो युवक दोपहिया वाहन से बालमगढ़ी की ओर से वापस लौट रहे थे। मास्टर टावर से कुछ किलोमीटर पहले स्थित अंधे मोड़ पर वाहन की गति अत्यधिक तेज होने के कारण चालक नियंत्रण खो बैठा। इसी दौरान वाहन सड़क किनारे लगे मीलोमीटर (दूरी सूचक) पत्थर से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े।


स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक युवक की पहचान युवराज (उम्र लगभग 23–24 वर्ष), पिता अनिल केवट, निवासी आमाखेरवा, मनेंद्रगढ़ के रूप में हुई है। दुर्घटना में युवराज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ सवार दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि सोनहत क्षेत्र तेजी से विकसित हो रहा है और यहां पिकनिक मनाने के लिए रोजाना बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। खासकर शनिवार और रविवार को युवाओं द्वारा तेज रफ्तार में वाहन चलाए जाने से दुर्घटनाओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। बालमगढ़ी मास्टर टावर के पास का अंधा मोड़ पहले भी कई हादसों का गवाह बन चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई है। स्थानीय लोगों ने यातायात विभाग और पुलिस प्रशासन से मांग की है कि उक्त मार्ग पर गति नियंत्रण, चेतावनी बोर्ड, स्पीड ब्रेकर लगाए जाएं तथा नियमित रूप से पुलिस कर्मियों की तैनाती की जाए। साथ ही युवाओं को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाने की भी आवश्यकता जताई गई है। यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरनाक परिणामों की ओर इशारा करता है। यदि समय रहते प्रशासन द्वारा उचित कदम नहीं उठाए गए, तो ऐसी घटनाएं भविष्य में भी दोहराई जा सकती हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ