शंकराचार्य का अपमान सनातन धर्म का अपमान है
बैकुण्ठपुर। आज राजीव भवन, कांग्रेस कार्यालय, बैकुंठपुर में जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि प्रयागराज माघ मेले में जगदगुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद को शाही स्नान से रोके जाने तथा उनके साथ किए गए दुर्व्यवहार की कांग्रेस पार्टी कड़ी निंदा करती है। स्वयं को हिंदुओं का मसीहा बताने वाली भाजपा सरकार आज हिंदू संतों का ही अपमान कर रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान हालात ऐसे हैं कि शंकराचार्य जी को अपनी सुरक्षा को लेकर गंभीर आशंका है और वे पिछले 36 घंटों से अनशन पर बैठने को मजबूर हैं, किंतु सरकार की ओर से अब तक उनसे संवाद का कोई प्रयास नहीं किया गया। शंकराचार्य जी का अपमान केवल एक संत का अपमान नहीं, बल्कि सनातन धर्म का अपमान है। जिला अध्यक्ष ने बताया कि शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पिछले 40 वर्षों से नियमित रूप से शाही स्नान करते आ रहे हैं और यह पहली बार है जब उन्हें इस अखंड धार्मिक परंपरा से रोका गया है। मौनी अमावस्या का शाही स्नान एक सदियों पुरानी परंपरा है, जिसे न तो मुगलों ने रोका और न ही अंग्रेजों ने, लेकिन भाजपा सरकार ने इस परंपरा को तोड़ने का दुस्साहस किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार पिछले 12 वर्षों से केंद्र की सत्ता में रहते हुए हिंदू धर्म के नाम पर राजनीति करती रही है, लेकिन आज वही सरकार शंकराचार्य एवं उनके समर्थकों के साथ दुर्व्यवहार कर रही है। उनके शिष्यों को बाल पकड़कर घसीटा जा रहा है और शंकराचार्य जी को पालकी में जाने तक की अनुमति नहीं दी जा रही। एक ओर आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत को जेड-प्लस सुरक्षा दी जाती है, वहीं दूसरी ओर शंकराचार्य के समर्थकों के साथ मारपीट की जाती है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या मोहन भागवत शंकराचार्य से बड़े हो गए हैं? जिला अध्यक्ष ने कहा कि शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद का तथाकथित “अपराध” केवल इतना है कि वे व्यवस्था की कमियों पर सवाल उठाते हैं, सरकार की आलोचना करते हैं, अयोध्या में आधे-अधूरे राम मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा पर आपत्ति जताते हैं, महाकुंभ की अव्यवस्थाओं और कोविड काल में गंगा में तैरती लाशों जैसे संवेदनशील मुद्दों को उठाते हैं। इसी कारण भाजपा उनके अपमान पर उतारू है।
इस अवसर पर पूर्व विधायक अंबिका सिंह देव, कोषाध्यक्ष अशोक जायसवाल, महामंत्री बृजवासी तिवारी, वरिष्ठ कांग्रेसी मुख्तार अहमद, ब्लॉक अध्यक्ष बिहारी लाल राजवाड़े, शैलेन्द्र सिंह, विकास श्रीवास्तव, धीरज सिंह एवं कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ