बैकुण्ठपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव की सहमति से भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा की गई है। इस नई कार्यकारिणी में कोरिया जिले की बेटी रेनू सिंह को प्रदेश मीडिया सह प्रभारी का महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है। इस घोषणा के बाद जिले में हर्ष और उत्साह का माहौल देखा गया।
रेनू सिंह को यह जिम्मेदारी मिलने पर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उन्हें बधाइयाँ दीं। अपने दायित्व के संबंध में प्रतिक्रिया देते हुए रेनू सिंह ने कहा कि महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी में जो जिम्मेदारी उन्हें मिली है, उसे वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाने का प्रयास करेंगी। उन्होंने कहा कि संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाने और पार्टी की नीतियों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के लिए वे सतत प्रयासरत रहेंगी। रेनू सिंह ने इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव सहित पार्टी के सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व से उन्हें हमेशा सहयोग और मार्गदर्शन मिलता रहा है, जिससे संगठन में कार्य करने की प्रेरणा मिलती है। उनकी नियुक्ति को कोरिया जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है, जिससे जिले का नाम प्रदेश स्तर पर और अधिक सशक्त रूप से उभरेगा।

0 टिप्पणियाँ