Ticker

6/recent/ticker-posts

कोरिया में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, चार आरोपी जेल भेजे गए


कोरिया। छत्तीसगढ़ शासन की आबकारी सचिव आर. संगीता तथा कोरिया जिले की कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी के निर्देश पर जिले में अवैध शराब निर्माण, बिक्री और तस्करी के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। जिला आबकारी अधिकारी के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग द्वारा प्रभावी निगरानी और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

कंट्रोल रूम बैकुण्ठपुर में पदस्थ सहायक जिला आबकारी अधिकारी को मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर अलग–अलग स्थानों पर छापामार कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान ग्राम छोटे साल्ही, थाना बैकुण्ठपुर निवासी मोहरमनिया पति मनिराम के घर की तलाशी लेने पर 10 लीटर अवैध शराब जप्त की गई। इसी क्रम में मोदीपारा, थाना बैकुण्ठपुर में शिवराज सिंह, आत्मज जगदेव के घर के बाड़ी में छापा मारकर 8 लीटर हाथभट्टी की अवैध शराब जप्त की गई। इसके अलावा ग्राम बसेर, थाना चरचा में मनी सिंह, आत्मज जगरनाथ के घर से 9.8 लीटर अवैध शराब तथा उसी ग्राम में जानकी पति धौकल सिंह के घर से 8 लीटर जरीकिन एवं बोतलों में भरी अवैध शराब जप्त की गई। चारों आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) क, 34(2) एवं 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज कर जिला न्यायालय बैकुण्ठपुर में न्यायिक रिमांड हेतु प्रस्तुत किया गया, जहां माननीय न्यायाधीश द्वारा आरोपियों को 14 दिनों के लिए जेल भेजने का आदेश दिया गया। इस पूरी कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उल्लेखनीय है कि राज्य में संचालित शराब दुकानों के ब्रांड, स्टॉक एवं विक्रय दर की जानकारी मोबाइल के प्ले-स्टोर पर उपलब्ध ‘शमनपसंदश’ ऐप के माध्यम से प्राप्त की जा सकती है। अवैध शराब अथवा दुकानों से संबंधित किसी भी शिकायत के लिए टोल-फ्री नंबर 14405 एवं व्हाट्सएप नंबर 9424102102 जारी किया गया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ