Ticker

6/recent/ticker-posts

मुख्य सड़कों पर स्टंटबाजों का बढ़ता आतंक, कार्यवाही के बावजूद नहीं सुधर रहे युवा



बैकुण्ठपुर। शहर और ग्रामीण अंचलों की मुख्य सड़कों पर स्टंटबाजों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। यातायात विभाग द्वारा लगातार की जा रही कार्यवाही के बावजूद स्टंट मैन अपनी खतरनाक आदतों से बाज नहीं आ रहे हैं। तेज रफ्तार, बिना हेलमेट और नियमों की अनदेखी करते हुए खुलेआम स्टंट करना अब आम होता जा रहा है, जिससे आम नागरिकों की जान खतरे में पड़ गई है। ताजा मामला आज का है, जब सीजी 16 सी आर 2212 क्रमांक की मोटरसाइकिल पर सवार युवक मुख्य सड़क पर स्टंट करता नजर आया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक कभी एक पहिए पर बाइक चलाता तो कभी तेज रफ्तार में अचानक ब्रेक लगाकर सड़क पर करतब दिखाता रहा। यह सब ऐसे समय हुआ जब सड़क पर राहगीरों और अन्य वाहनों की आवाजाही बनी हुई थी। इस लापरवाही से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता था। गौरतलब है कि बीते दिनों ही यातायात विभाग ने स्टंट करने वालों के खिलाफ सख्त अभियान चलाते हुए चालान, वाहन जब्ती और लाइसेंस निलंबन जैसी कार्यवाही की थी। इसके बावजूद स्टंटबाजों पर इसका कोई खास असर देखने को नहीं मिल रहा है। नियमों को ताक पर रखकर युवा अपनी और दूसरों की जान से खिलवाड़ कर रहे हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि स्टंटबाजों के कारण सड़क पर चलना भी जोखिम भरा हो गया है। खासकर स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं में भय का माहौल है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे मामलों में केवल चालान ही नहीं, बल्कि कड़ी कानूनी कार्यवाही की जाए, ताकि दूसरों के लिए भी यह एक सबक बने। यातायात विभाग का कहना है कि स्टंट करने वालों के खिलाफ लगातार निगरानी रखी जा रही है और सीसीटीवी फुटेज व वीडियो के आधार पर भी कार्यवाही की जाएगी। प्रशासन ने युवाओं से अपील की है कि वे स्टंट जैसे खतरनाक कृत्यों से बचें और यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित नागरिक होने का परिचय दें।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ